कोटा से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का सफर होगा आसान, वीडियो में देंखे 1600 करोड़ से बनेगा 23 किमी लंबा फोरलेन हाईवे
कोटा शहर को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से सीधे जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए शहर में डीसीएम रोड स्थित बॉम्बे योजना के पीछे से कैथून के पास बालापुरा इंटरचेंज तक 23 किलोमीटर लंबा फोरलेन हाईवे बनाया जाएगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने प्रस्तावित हाईवे के अलाइनमेंट को मंजूरी दे दी है। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले साल निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
इस प्रोजेक्ट पर करीब 1600 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। हाईवे बनने से कोटा शहर से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे तक पहुंचना आसान होगा। फिलहाल इस दूरी को तय करने में करीब 45 मिनट लगते हैं, लेकिन नया रास्ता बनने के बाद यह समय घटकर 15 से 20 मिनट रह सकता है।
बॉम्बे योजना के पीछे से शुरू होगा हाईवे
प्रस्तावित फोरलेन हाईवे डीसीएम रोड स्थित बॉम्बे योजना के पीछे से शुरू होगा। यहां से यह दायीं मुख्य नहर के किनारे होते हुए श्रीराम नगर क्षेत्र से गुजरेगा। इसके बाद नहर को पार कर वन भूमि के रास्ते एनएच-27 यानी कोटा बायपास तक पहुंचेगा।कोटा बायपास के पास केडीए की फार्म हाउस योजना के नजदीक इंटरचेंज बनाया जाएगा। इससे वाहन चालकों को हाईवे पर आने-जाने की सुविधा मिलेगी।
कई गांवों की कृषि भूमि से होकर गुजरेगा रास्ता
प्रस्तावित हाईवे आगे डाढ़ देवी रोड को चरण चौकी रोड के पास क्रॉस करेगा। इसके बाद इसका रास्ता मोतीपुरा, प्रहलादपुरा, रामनगर, अभयपुरा, रानीपुरा, गांदीफली और भगवानपुरा की कृषि भूमि से होकर गुजरेगा।आखिर में यह कैथून के पास बालापुरा इंटरचेंज पहुंचेगा, जहां से सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से जुड़ जाएगा। इस तरह कोटा शहर से एक्सप्रेस-वे तक पहुंचने के लिए एक नया और सीधा मार्ग उपलब्ध होगा।
आबादी क्षेत्र में एलिवेटेड बनेगा हाईवे
प्रोजेक्ट में आबादी वाले क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए हाईवे के कुछ हिस्सों को एलिवेटेड बनाने की योजना है। इससे शहरी क्षेत्र में यातायात और निर्माण से जुड़ी दिक्कतों को कम करने में मदद मिलेगी।NHAI की ओर से अलाइनमेंट को मंजूरी मिलने के बाद अब अगला कदम टेंडर प्रक्रिया है। इसके पूरा होने के बाद अगले साल निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना जताई गई है।
15 से 20 मिनट में पहुंच सकेंगे एक्सप्रेस-वे
हाईवे बनने का सबसे बड़ा फायदा कोटा शहर के लोगों को मिलेगा। अभी शहर से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे तक पहुंचने में करीब 45 मिनट का समय लगता है। नया फोरलेन बनने के बाद यह सफर 15 से 20 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है।इससे दिल्ली, मुंबई और एक्सप्रेस-वे से जुड़े अन्य शहरों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी। साथ ही कोटा की सड़क कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।
