कूनो से निकला चीता रणथम्भौर सीमा में पहुंचा, वीडियो में देखें गांव की सड़कों पर दिखी हलचल
मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से निकला एक अफ्रीकी चीता एक बार फिर राजस्थान की सीमा में पहुंच गया है। रणथम्भौर टाइगर रिजर्व से सटे इलाकों में चीते की मूवमेंट देखने के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है।
गुरुवार सुबह चंबल नदी से लगे पालीघाट क्षेत्र के अजीतपुरा गांव में अफ्रीकी चीता केपी-2 की मौजूदगी दर्ज की गई। ग्रामीणों के अनुसार, चीता अल सुबह गांव की सड़कों पर घूमता हुआ दिखाई दिया और कुछ देर तक खुले क्षेत्र में चहलकदमी करता रहा। इसके बाद वह खेतों की ओर चला गया।
चीते की गतिविधि की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम सुबह करीब 5 बजे से लगातार उसकी निगरानी में जुट गई। साथ ही कूनो नेशनल पार्क की टीम भी मौके पर पहुंची और उसकी लोकेशन ट्रैक करने का काम शुरू किया गया।
वन विभाग के अनुसार, यह चीता बुधवार रात चंबल नदी पार कर कोटा जिले की सीमा में पहुंचा था। इसके बाद अंधेरे का फायदा उठाकर वह दोबारा नदी पार करते हुए सवाई माधोपुर जिले की सीमा में प्रवेश कर गया।
इस लगातार हो रही मूवमेंट को देखते हुए दोनों राज्यों के वन विभाग अलर्ट मोड पर हैं। टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि चीते की सुरक्षा के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
फिलहाल चीते की लोकेशन पर लगातार नजर रखी जा रही है और विशेषज्ञों की टीम उसके मूवमेंट को मॉनिटर कर रही है। वन विभाग का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और जल्द ही उसे सुरक्षित क्षेत्र की ओर वापस लाने की कोशिश की जाएगी।
