Rajasthan Assembly में आज गर्म होगा माहौल! जीएसटी बिल और वर्किंग ऑवर्स बढ़ाने पर आमने-सामने होंगे पक्ष-विपक्ष
राजस्थान विधानसभा का सत्र आज कई मायनों में महत्वपूर्ण होने वाला है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से शुरू होगी, जिसमें वित्त, संसदीय कार्य, खाद्य नागरिक आपूर्ति, पशुपालन एवं डेयरी तथा वन विभाग सहित मुख्यमंत्री से संबंधित विभागों से संबंधित प्रश्न उठाए जाएँगे। प्रश्नकाल के लिए 25 तारांकित और 22 अतारांकित प्रश्न सूचीबद्ध हैं। आज सदन में मुख्य रूप से दो विधेयक चर्चा के लिए लाए जाएँगे। इनमें 'राजस्थान माल एवं सेवा कर (जीएसटी) द्वितीय संशोधन विधेयक-2025' और 'कारखाना (राजस्थान संशोधन) विधेयक-2025' शामिल हैं। जीएसटी संशोधन विधेयक को पारित कराने की तैयारी है, जबकि कारखाना संशोधन विधेयक पर विस्तृत बहस होगी।
कामकाजी महिलाओं के कर्तव्य
इस विधेयक के माध्यम से कर्मचारियों के काम के घंटों में बदलाव का प्रस्ताव रखा गया है। खास बात यह है कि संशोधन के बाद महिलाओं को रात्रि पाली में तभी लगाया जा सकेगा जब वे लिखित में सहमति देंगी।
कल ये विधेयक पारित हुए
'कोचिंग सेंटर नियंत्रण एवं विनिमय विधेयक-2025' कल विधानसभा में पारित हो गया। ध्वनिमत से पारित होने से पहले सदन में इस पर लंबी बहस हुई। उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने इसे बच्चों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक ठोस कदम बताया। हालाँकि, इस विधेयक पर कांग्रेस में मतभेद भी उभरकर सामने आए। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इसे प्रवर समिति को भेजने की माँग की, जबकि कांग्रेस विधायक राजेंद्र पारीक ने इसे समय की माँग बताया।
आज सदन पटल पर 18 अधिसूचनाएँ
आज की कार्यवाही में विभिन्न विभागों की 18 अधिसूचनाएँ भी सदन पटल पर रखी जाएँगी। इनमें वित्त, आबकारी, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की 6-6, पंचायत राज विभाग की 4 और ऊर्जा विभाग की 2 अधिसूचनाएँ शामिल हैं।
आज का दिन महत्वपूर्ण
कुल मिलाकर, विधानसभा में विधायी गतिविधियों के लिहाज से आज का दिन खास रहेगा। एक ओर जहां कर्मचारियों और महिलाओं से जुड़े कामकाज के प्रावधानों पर चर्चा होगी, वहीं दूसरी ओर वित्तीय और प्रशासनिक मामलों पर भी सरकार अपनी स्थिति स्पष्ट करेगी।
