जयपुर में परिवार पर थार सवार बदमाशों ने की फायरिंग, फुटेज में देंखे महिला की जांघ में लगी गोली; दो-तीन राउंड चलाकर फरार
जयपुर में आपसी झगड़े के बाद एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। थार गाड़ी में सवार होकर आए बदमाशों ने परिवार के घर के बाहर पहुंचकर दो से तीन राउंड फायरिंग की। इस दौरान जान बचाकर भागने की कोशिश कर रही एक महिला की जांघ में गोली लग गई। वारदात के बाद आरोपी थार गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, घटना 11 नवंबर की रात करीब साढ़े 10 बजे की है। आरोप है कि गणेश कीर, शंकर और गंगू अपने एक साथी के साथ थार गाड़ी में सवार होकर पीड़ित परिवार के घर पहुंचे थे। घर के बाहर पहुंचते ही गाड़ी में बैठे बदमाशों ने परिवार को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी।
दो-तीन राउंड फायर कर किया हमला
पीड़ित परिवार की शिकायत के मुताबिक, बदमाशों ने घर के बाहर पहुंचकर दो से तीन उंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से परिवार के लोगों में दहशत फैल गई। जान बचाने के लिए परिवार के सदस्य इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान पिंटू की पत्नी की जांघ में गोली लग गई।महिला के घायल होने के बाद भी हमलावर मौके पर नहीं रुके। कातिलाना हमले को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी थार गाड़ी में बैठकर फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल महिला को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया
फायरिंग की सूचना मिलने पर शिवदासपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल विवाहिता को उपचार के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उसकी स्थिति को देखते हुए उसे छुट्टी दे दी गई।
नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
शिवदासपुरा थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर बुधवार को गणेश कीर, शंकर और गंगू सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बदमाशों ने पुरानी कहासुनी और झगड़े के बाद परिवार पर फायरिंग की।पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। आरोपियों के घटनास्थल पर पहुंचने, फायरिंग करने और वारदात के बाद फरार होने से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। हालांकि, मामले में फायरिंग की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
