जयपुर में वाहन चोरों का आतंक, एक दिन में एक दर्जन बाइक-स्कूटी चोरी; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
जयपुर शहर में वाहन चोरी की वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। सोमवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में घरों के बाहर, पार्किंग, कैफे और सार्वजनिक स्थानों से करीब एक दर्जन मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी होने के मामले दर्ज हुए। एक ही दिन में कई वाहन चोरी होने के बाद पुलिस ने संबंधित थानों में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आगरा रोड से लेकर टोंक रोड तक चोरी
आगरा रोड स्थित कृष्णा नगर से केशवदेव की मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई। इसी तरह सांख की छतरी क्षेत्र से किशनपुरा निवासी मोहनलाल मीणा की बाइक चोरी हो गई।देवनगर और टोंक रोड क्षेत्र में भी वाहन चोरी की घटनाएं सामने आईं। देवनगर, टोंक रोड से राहुल शर्मा की मोटरसाइकिल चोर ले गए। वहीं मधुवन कॉलोनी में घर के बाहर खड़ी आरव मीणा की बाइक भी चोरी हो गई।
खानिया बंधा और निवारू रोड से भी वाहन चोरी
खानिया बंधा इलाके से बड़वा, बस्सी निवासी मनोज कुमार की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। इसके अलावा निवारू रोड से महेंद्र शर्मा की बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है।सनराइज सिटी खोराबीसल से मयंक शर्मा की मोटरसाइकिल और क्वींस रोड स्थित एक कैफे से विष्णु सिंह सोलंकी की बाइक चोरी होने की शिकायत भी पुलिस को मिली है। सभी घटनाएं सोमवार की बताई जा रही हैं।
CCTV फुटेज से चोरों की तलाश
एक ही दिन में अलग-अलग इलाकों में लगातार वाहन चोरी की वारदातों के बाद पुलिस अब चोरों की पहचान में जुट गई है। पुलिस घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस चोरी हुए वाहनों की बरामदगी के लिए भी संभावित स्थानों पर जांच कर रही है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों को देखते हुए पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इन वारदातों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है या अलग-अलग वाहन चोर सक्रिय हैं।लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं से वाहन मालिकों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामलों की जांच जारी है और CCTV फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
