नागौर में मंदिर चोरी: बाबा रामदेवजी मंदिर का ताला तोड़कर चांदी के छत्र, वीडियो में जाने भाला और दानपात्र ले गए चोर
राजस्थान के नागौर जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। गोगेलाव गांव में देर रात चोरों ने बाबा रामदेवजी मंदिर को निशाना बनाया। चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपये कीमत के चांदी के सामान समेत दानपात्र चोरी कर ले गए। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। सूचना मिलने पर नागौर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुबह पुजारी को हुई चोरी की जानकारी
जानकारी के अनुसार, मंदिर के पुजारी रेखाराम सुबह पूजा के लिए मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है।अंदर जाकर देखने पर मंदिर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्हें चोरी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत ग्रामीणों और नागौर सदर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
चांदी के छत्र और भाला ले गए चोर
पुलिस के अनुसार, चोर मंदिर से:
- चार चांदी के छत्र
- एक चांदी का भाला
- दानपात्र
चोरी कर ले गए।
मंदिर में रखे धार्मिक सामान चोरी होने की घटना से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
मौके पर मिले सुराग, जांच में जुटी पुलिस
चोरी के बाद चोर मौके पर कुछ सामान छोड़ गए। पुलिस को घटनास्थल से एक चश्मा और पचकेश मिला है। वहीं, हैरानी की बात यह है कि चोर मंदिर के टूटे हुए ताले भी अपने साथ ले गए।पुलिस अब घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
ग्रामीणों में बढ़ी नाराजगी
धार्मिक स्थल में चोरी की घटना सामने आने के बाद गांव के लोगों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिरों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
