Aapka Rajasthan

राजस्थान में तहसीलदार को पद पर नहीं दिया कार्यग्रहण, वीडियो में जाने राजस्व विभाग के संयुक्त सचिव को अवमानना नोटिस

राजस्थान में तहसीलदार को पद पर नहीं दिया कार्यग्रहण, वीडियो में जाने राजस्व विभाग के संयुक्त सचिव को अवमानना नोटिस
 
राजस्थान में तहसीलदार को पद पर नहीं दिया कार्यग्रहण, वीडियो में जाने राजस्व विभाग के संयुक्त सचिव को अवमानना नोटिस

राजस्थान सिविल सेवा अपील अधिकरण (रेट) ने आदेश के बावजूद तहसीलदार को उनके पद पर कार्यग्रहण नहीं करवाने के मामले में सख्त रुख अपनाया है। अधिकरण ने राजस्व विभाग के संयुक्त शासन सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किए हैं। साथ ही निर्देश दिए हैं कि आदेश की पालना नहीं होने पर राजस्व विभाग के संयुक्त शासन सचिव 4 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से अधिकरण के सामने उपस्थित होकर स्पष्टीकरण दें।यह मामला झुंझुनूं के तहसीलदार मुकेश कुमार से जुड़ा है। अधिकरण के सदस्य प्रकाश चंद्र शर्मा और अतर सिंह नेहरा की पीठ ने मुकेश कुमार की ओर से दायर अवमानना प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया।

22 अक्टूबर को ट्रांसफर आदेश पर लगाई थी रोक

मुकेश कुमार के वकील संदीप कलवानिया के अनुसार, अधिकरण ने 22 अक्टूबर 2026 को एक अंतरिम स्थगन आदेश पारित किया था। इस आदेश में मुकेश कुमार के 2 अक्टूबर 2026 को जारी तबादला आदेश के क्रियान्वयन पर रोक लगा दी गई थी।अधिकरण ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मुकेश कुमार को उनके वर्तमान पद पर ही कार्यरत रखा जाए। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से आदेश की पालना नहीं की गई और उन्हें वर्तमान पद पर कार्यग्रहण नहीं करवाया गया।

एक महीने से ज्यादा समय तक नहीं हुई आदेश की पालना

वकील संदीप कलवानिया ने बताया कि अधिकरण के अंतरिम आदेशके बाद भी एक महीने से अधिक समय बीत गया, लेकिन विभाग ने निर्देशों की पालना नहीं की। इसके बाद अपीलार्थी मुकेश कुमार की ओर से अधिकरण में अवमानना प्रार्थना पत्र दायर किया गया।प्रार्थना पत्र में बताया गया कि अधिकरण के स्पष्ट आदेश के बावजूद तहसीलदार को उनके वर्तमान पद पर काम नहीं करने दिया जा रहा है। इस मामले में विभागीय अधिकारियों की ओर से आदेश की पालना नहीं किए जाने का मुद्दा उठाया गया।

संयुक्त शासन सचिव को 4 दिसंबर को होना होगा पेश

अवमानना प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के दौरान अधिकरण की पीठ ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनीं और संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया। इसके बाद राजस्व विभाग के संयुक्त शासन सचिव सहित अन्य अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी करने का आदेश दिया।पीठ ने निर्देश दिया कि नोटिस के बावजूद यदि तहसीलदार को कार्यग्रहण नहीं करवाया जाता है, तो राजस्व विभाग के संयुक्त शासन सचिव को 4 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से अधिकरण के समक्ष उपस्थित होना होगा। उन्हें आदेश की पालना नहीं होने के संबंध में अपना स्पष्टीकरण देना होगा।

विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल

इस मामले में अधिकरण के आदेश के बाद भी कार्यवाही नहीं होने से राजस्व विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही का मुद्दा सामने आया है। अब संबंधित अधिकारियों को नोटिस का जवाब देना होगा और यह स्पष्ट करना होगा कि अंतरिम आदेश के बावजूद उसकी पालना क्यों नहीं की गई।फिलहाल मामले में अगली महत्वपूर्ण तारीख 4 दिसंबर तय की गई है। इस दिन राजस्व विभाग के संयुक्त शासन सचिव की उपस्थिति और उनके स्पष्टीकरण पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।