छतरपुर में स्टॉक मार्केट ट्रेडर की संदिग्ध मौत, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे बंद कमरे में मिला शव; लैपटॉप पर खुला था शेयर बाजार
छतरपुर जिले में एक स्टॉक मार्केट ट्रेडर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। ट्रेडर का शव घर के बंद कमरे में मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां का दृश्य देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।मृतक की पहचान राजेश अग्रवाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका शव जमीन पर बिछे बिस्तर पर पड़ा था और उनकी नाक से खून बह रहा था। कमरे में लैपटॉप चालू हालत में मिला, जिसमें MCX और शेयर बाजार से जुड़ी वेबसाइट्स खुली हुई थीं।
जानकारी के अनुसार पुलिस को काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर शक हुआ। पुलिस ने पहले दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजे को धक्का देकर खोला गया। अंदर राजेश अग्रवाल मृत अवस्था में मिले। उस समय उनके शरीर पर केवल बनियान और अंडरवियर था।मामले की जांच के दौरान पुलिस को परिवार की स्थिति भी असामान्य लगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी और बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। पुलिस जब घर पहुंची तब पत्नी रसोई में रोटियां बना रही थी, जबकि बेटा सोफे पर शांत बैठा हुआ था। दोनों को घर में हुई घटना की गंभीरता का सामान्य रूप से एहसास नहीं हो पा रहा था।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है, जिसमें स्वास्थ्य, मानसिक तनाव और अन्य संभावित कारण शामिल हैं।घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक राजेश अग्रवाल लंबे समय से शेयर बाजार और ट्रेडिंग से जुड़े हुए थे। फिलहाल पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
