Aapka Rajasthan

राजस्थान हाईकोर्ट में समर वैकेशन शुरू: 32 दिन नियमित सुनवाई रहेगी बंद, वीडियो में देंखे केवल जरूरी मामलों पर होगी सुनवाई

राजस्थान हाईकोर्ट में समर वैकेशन शुरू: 32 दिन नियमित सुनवाई रहेगी बंद, वीडियो में देंखे केवल जरूरी मामलों पर होगी सुनवाई
 
राजस्थान हाईकोर्ट में समर वैकेशन शुरू: 32 दिन नियमित सुनवाई रहेगी बंद, वीडियो में देंखे केवल जरूरी मामलों पर होगी सुनवाई

राजस्थान हाईकोर्ट में आज से समर वैकेशन की शुरुआत हो गई है। इसके चलते हाईकोर्ट की मुख्यपीठ जोधपुर और जयपुर बेंच में अब करीब 32 दिनों तक नियमित मामलों की सुनवाई नहीं होगी। हाईकोर्ट 29 जून को दोबारा खुलेगा। इस दौरान केवल अर्जेंट यानी अत्यावश्यक मामलों की ही सुनवाई की जाएगी।

हाईकोर्ट प्रशासन के अनुसार, 1 जून से 28 जून तक आधिकारिक तौर पर समर वैकेशन रहेगा। हालांकि लगातार पड़ रही छुट्टियों के कारण आज से ही अदालतों में नियमित कार्य प्रभावित हो गया है। 28 मई को बकरा ईद का अवकाश है, जबकि 29 मई को हाईकोर्ट प्रशासन ने विशेष छुट्टी घोषित की है। इसके बाद 30 और 31 मई को शनिवार और रविवार होने के कारण अदालतें बंद रहेंगी। ऐसे में आज से ही समर वैकेशन की शुरुआत मानी जा रही है।

जोधपुर मुख्यपीठ और जयपुर बेंच में नहीं होगी नियमित सुनवाई

समर वैकेशन के दौरान राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्यपीठ और जयपुर बेंच दोनों में नियमित मामलों की सुनवाई पूरी तरह बंद रहेगी। इससे हजारों मामलों की अगली तारीख अब जुलाई में लगने की संभावना है। हालांकि जरूरी मामलों के लिए अदालतें पूरी तरह बंद नहीं रहेंगी।हाईकोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में केवल अर्जेंट नेचर के मामलों को ही सूचीबद्ध किया जाएगा। इनमें जमानत, स्टे, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और अन्य अत्यावश्यक याचिकाएं शामिल होंगी।

वैकेशन बेंचों का किया गया गठन

समर वैकेशन के दौरान जरूरी मामलों की सुनवाई के लिए हाईकोर्ट में विशेष वैकेशन बेंचों का गठन किया गया है। ये बेंच तय शेड्यूल के अनुसार काम करेंगी और जरूरी मामलों पर सुनवाई करेंगी।वकीलों को अर्जेंट मामलों की लिस्टिंग के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा। इसके बाद ही मामलों को वैकेशन बेंच के समक्ष पेश किया जाएगा।

वकीलों और कर्मचारियों को मिलेगी राहत

हर साल गर्मी के मौसम में हाईकोर्ट में समर वैकेशन घोषित किया जाता है। इसका उद्देश्य न्यायाधीशों, वकीलों और न्यायिक कर्मचारियों को अवकाश देना होता है। साथ ही इस दौरान कोर्ट प्रशासनिक और तकनीकी कार्यों को भी पूरा करता है।हालांकि कई पक्षकारों को अपने मामलों की सुनवाई के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। खासकर सिविल और सामान्य मामलों में अब सुनवाई जुलाई में ही शुरू होगी।

अर्जेंट मामलों में बनी रहेगी न्यायिक प्रक्रिया

हाईकोर्ट प्रशासन का कहना है कि समर वैकेशन के बावजूद जरूरी मामलों की सुनवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि आम लोगों को न्याय मिलने में परेशानी न हो। इसके लिए वैकेशन जजों की ड्यूटी भी तय कर दी गई है।फिलहाल, राजस्थान हाईकोर्ट में समर वैकेशन लागू होने के साथ ही नियमित न्यायिक गतिविधियां अगले एक महीने तक सीमित रहेंगी। वहीं वकीलों और पक्षकारों ने भी अब अपने मामलों की अगली तारीखों की तैयारी शुरू कर दी है।