Aapka Rajasthan

टीचर के ट्रांसफर से नाराज हुए छात्र, स्कूल को लगाया ताला; वीडियो में बोले- वापस नहीं आए तो भूखे-प्यासे देंगे धरना

टीचर के ट्रांसफर से नाराज हुए छात्र, स्कूल को लगाया ताला; वीडियो में बोले- वापस नहीं आए तो भूखे-प्यासे देंगे धरना
 
टीचर के ट्रांसफर से नाराज हुए छात्र, स्कूल को लगाया ताला; वीडियो में बोले- वापस नहीं आए तो भूखे-प्यासे देंगे धरना

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में एक शिक्षक के ट्रांसफर को लेकर छात्र सड़क पर उतर आए। हिंदी और संस्कृत पढ़ाने वाले शिक्षक के तबादले से नाराज छात्रों ने स्कूल के बाहर धरना शुरू कर दिया और ट्रांसफर आदेश रद्द करने की मांग करने लगे। छात्रों का कहना है कि जब तक शिक्षक को वापस स्कूल नहीं लाया जाएगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

मामला जिले के कोटड़ी क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लसाड़िया का है। जानकारी के अनुसार, स्कूल में हिंदी और संस्कृत विषय पढ़ाने वाले शिक्षक हेमराज सिंह राठौड़ का तबादला लसाड़िया से करीब 30 किलोमीटर दूर बड़ा महुआ स्थित स्कूल में कर दिया गया है। ट्रांसफर की जानकारी मिलते ही छात्रों में नाराजगी फैल गई।

गुरुवार सुबह करीब 8 बजे बड़ी संख्या में छात्र स्कूल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और बाहर बैठकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान छात्रों ने "ट्रांसफर रद्द करो" जैसे नारे भी लगाए।

छात्रों का कहना है कि शिक्षक हेमराज सिंह राठौड़ पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन भी करते थे। उनके जाने से पढ़ाई प्रभावित होगी। छात्रों ने साफ कहा कि जब तक शिक्षक का ट्रांसफर रद्द नहीं किया जाता, वे धरने से नहीं उठेंगे।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि चाहे धरने में 4 दिन लगें या 5 दिन, वे भूखे-प्यासे बैठकर भी अपनी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेंगे। छात्रों की इस जिद के बाद स्कूल प्रशासन के सामने स्थिति संभालना चुनौती बन गया।

छात्रों को समझाने के लिए स्कूल के शिक्षक और प्रधानाचार्य ने भी उनसे बातचीत की। उन्होंने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी।

स्कूल की प्रधानाचार्य ममता ने बताया कि शिक्षक हेमराज सिंह राठौड़ का तबादला लसाड़िया से बड़ा महुआ स्कूल में हुआ है। इसकी जानकारी मिलने के बाद छात्रों ने गुरुवार सुबह विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि छात्रों ने स्कूल का मुख्य गेट बंद कर धरना शुरू किया और ट्रांसफर आदेश वापस लेने की मांग रखी।

प्रधानाचार्य ने कहा कि उन्होंने छात्रों को समझाने की कोशिश की है और पूरे मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। अब आगे का निर्णय शिक्षा विभाग के स्तर पर लिया जाएगा।

वहीं, छात्रों के इस विरोध प्रदर्शन के कारण स्कूल की सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। अब सभी की नजर शिक्षा विभाग के फैसले पर है कि क्या शिक्षक का तबादला रद्द किया जाता है या छात्रों को किसी अन्य व्यवस्था के जरिए समझाया जाता है।