श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट: घटना से एक दिन पहले होटल में रुके थे आरोपी, डेयरी बूथ पर सिगरेट पीते हुए वीडियो आया सामने
राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के 14 दिन बाद मामले के दोनों आरोपियों देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर का एक नया वीडियो सामने आया है। वीडियो में दोनों एक डेयरी बूथ पर सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे के मुंह से धुआं खींचते भी दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो 2 नवंबर का बताया जा रहा है, जिसे डेयरी पर मौजूद एक ग्राहक ने बनाया था।
जांच में सामने आया है कि रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने से एक दिन पहले दोनों आरोपी घटनास्थल से करीब 25 किलोमीटर दूर सूरतगढ़-विजयनगर रोड स्थित एमआर होटल में रुके थे। दोनों ने होटल में एक कमरा लिया और अपना सामान वहां रखा। इसके बाद वे पास में स्थित एक डेयरी बूथ पर पहुंचे, जहां उन्होंने सिगरेट पी।
होटल में एक ही कमरे में बिताई रात
जानकारी के अनुसार, देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर 2 नवंबर को एमआर होटल पहुंचे थे। दोनों ने होटल में एक कमरा लिया और सामान रखने के बाद पास की डेयरी पर चले गए। यहां दोनों के सिगरेट पीने का वीडियो सामने आया है। डेयरी पर मौजूद एक ग्राहक ने यह वीडियो बनाया था।डेयरी से वापस लौटने के बाद दोनों ने होटल के उसी कमरे में रात बिताई। अगले दिन यानी 3 नवंबर की सुबह दोनों रेलवे ट्रैक पर पहुंचे और कथित तौर पर वहां विस्फोटक उपकरण (आईईडी) लगाने के बाद फरार हो गए।
होटल में दी थी अपनी असली पहचान
जांच एजेंसियों के लिए होटल में दर्ज कराई गई जानकारी अहम साबित हुई। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने होटल में अपनी असली पहचान से जुड़े दस्तावेज दिए थे। इसी आधार पर पुलिस और जांच एजेंसियों को उनकी पहचान करने में मदद मिली।अब डेयरी बूथ का वीडियो भी जांच के दौरान सामने आया है। इसमें घटना से एक दिन पहले दोनों आरोपियों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। रेलवे ट्रैक पर विस्फोट के मामले में पुलिस और जांच एजेंसियां आरोपियों की गतिविधियों और घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं।
