जयपुर-दुबई स्पाइसजेट फ्लाइट साढ़े 4 घंटे से ज्यादा लेट, वीडियो में देंखे यात्रियों को करना होगा इंतजार; ठीक हुआ इंडिगो का ग्राउंडेड विमान
जयपुर एयरपोर्ट पर मंगलवार को हवाई यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जयपुर से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट निर्धारित समय से साढ़े 4 घंटे से ज्यादा देरी से रवाना होगी। फ्लाइट का समय बदलने से यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ेगा। वहीं, 29 अक्टूबर को तकनीकी खराबी के कारण जयपुर एयरपोर्ट पर ग्राउंडेड हुआ इंडिगो का विमान अब ठीक हो गया है। इसके मंगलवार को खाली दिल्ली रवाना होने की संभावना है।
स्पाइसजेट की फ्लाइट रात 11:35 बजे रवाना होने की संभावना
स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या SG-5124 को मंगलवार शाम 6 बजकर 55 मिनट पर जयपुर से दुबई के लिए उड़ान भरनी थी। हालांकि, अब इसके रात 11 बजकर 35 मिनट तक रवाना होने की संभावना है। इस तरह फ्लाइट निर्धारित समय से करीब 4 घंटे 40 मिनट देरी से उड़ान भरेगी।फ्लाइट में देरी के कारण यात्रियों को जयपुर एयरपोर्ट पर अतिरिक्त समय बिताना पड़ेगा। इसके साथ ही दुबई पहुंचने का समय भी प्रभावित होगा।
होटल चेक-इन और आगे की यात्रा पर पड़ सकता है असर
फ्लाइट लेट होने से उन यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, जिन्होंने दुबई पहुंचने के बाद होटल चेक-इन, दूसरी फ्लाइट या अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पहले से तय कर रखी हैं। ऐसे यात्रियों को अपने कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ सकता है।
29 अक्टूबर से ग्राउंडेड इंडिगो का विमान हुआ ठीक
दूसरी ओर, जयपुर एयरपोर्ट पर 29 अक्टूबर से खड़ा इंडिगो का विमान अब ठीक हो गया है। यह विमान फ्लाइट संख्या 6E-816 के रूप में जयपुर से हैदराबाद जाने वाला था।बोर्डिंग शुरू होने से ठीक पहले विमान में तकनीकी खराबी सामने आई थी। इसके चलते विमान उड़ान नहीं भर सका और उसे जयपुर एयरपोर्ट पर ही ग्राउंडेड करना पड़ा था।
खाली दिल्ली भेजे जाने की संभावना
तकनीकी खराबी दूर होने के बाद अब विमान के मंगलवार को खाली दिल्ली रवाना होने की संभावना है। इस तरह कई दिनों से जयपुर एयरपोर्ट पर खड़ा विमान फिर से उड़ान भरने की स्थिति में आ गया है।एक तरफ स्पाइसजेट की दुबई फ्लाइट में देरी से यात्रियों को परेशानी हो रही है, वहीं इंडिगो के विमान की तकनीकी समस्या दूर होने से एयरपोर्ट पर खड़े विमान को हटाने का रास्ता साफ हुआ है।
