जयपुर के सामोद पैलेस में होगी साउथ स्टार शर्मिला मांद्रे की शाही शादी, फुटेज में देंखे फिल्मी सितारों से सजेगा वेडिंग सेलिब्रेशन
राजस्थान एक बार फिर फिल्मी सितारों की शाही शादी का गवाह बनने जा रहा है। कन्नड़ और दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री शर्मिला मांद्रे और फिल्म निर्माता सुधन सुंदरम 12 जुलाई को जयपुर के ऐतिहासिक सामोद पैलेस में विवाह बंधन में बंधेंगे।
दो दिन तक चलने वाले इस भव्य वेडिंग सेलिब्रेशन में दक्षिण भारतीय फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। शादी को लेकर जयपुर में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं और सामोद पैलेस को खास अंदाज में सजाया जा रहा है।
सुधन सुंदरम ने जयपुर पहुंचकर लिया तैयारियों का जायजा
फिल्म निर्माता सुधन सुंदरम बुधवार को जयपुर पहुंचे और उन्होंने शादी की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने वेन्यू पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा और आयोजन से जुड़ी टीम के साथ चर्चा की।वहीं, अभिनेत्री शर्मिला मांद्रे गुरुवार को अपने परिवार के साथ जयपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद वह सीधे सामोद पैलेस के लिए रवाना हो गईं।अभिनेत्री के जयपुर पहुंचने की खबर के बाद उनके प्रशंसकों में भी उत्साह देखने को मिला।
साउथ इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे होंगे शामिल
इस शाही शादी में दक्षिण भारतीय सिनेमा के कई नामचीन कलाकारों के शामिल होने की चर्चा है। फिल्म ‘जवान’ के निर्देशक एटली के भी शादी समारोह में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।इसके अलावा अभिनेता विजय सेतुपति के आने की भी उम्मीद है। विजय सेतुपति और सुधन सुंदरम के बीच फिल्मी जुड़ाव रहा है। विजय सेतुपति की चर्चित फिल्म ‘महाराजा’ को सुधन सुंदरम ने प्रोड्यूस किया था।ऐसे में माना जा रहा है कि फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े चेहरे इस खास मौके पर जयपुर पहुंच सकते हैं।
राजस्थान बना फिल्मी शादियों की पसंदीदा जगह
जयपुर और राजस्थान के ऐतिहासिक महल लंबे समय से बॉलीवुड और साउथ इंडस्ट्री की शाही शादियों के लिए पसंदीदा डेस्टिनेशन रहे हैं।राजस्थान की राजसी विरासत, किले, महल और शानदार आतिथ्य देश-विदेश के लोगों को आकर्षित करते हैं। इससे पहले भी कई फिल्मी सितारों ने जयपुर और राजस्थान के अन्य शहरों में अपनी शादियां आयोजित की हैं।सामोद पैलेस भी अपनी ऐतिहासिक विरासत और शाही माहौल के लिए जाना जाता है। यही वजह है कि शर्मिला मांद्रे और सुधन सुंदरम ने अपनी शादी के लिए इस खास जगह को चुना है।
शाही अंदाज में होगी शादी
बताया जा रहा है कि दो दिनों तक चलने वाले इस विवाह समारोह में पारंपरिक रस्मों के साथ-साथ खास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शादी में दक्षिण भारतीय संस्कृति और राजस्थान की शाही मेहमाननवाजी का अनोखा संगम देखने को मिल सकता है।फिलहाल जयपुर में इस हाई-प्रोफाइल शादी को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और अब सभी की नजरें 12 जुलाई को होने वाले इस भव्य समारोह पर टिकी हैं।
