बीकानेर में दामाद निकला चोर, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे दोस्तों संग ससुराल से उड़ाए 22 लाख रुपये; तीनों गिरफ्तार
राजस्थान के बीकानेर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दामाद ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर ससुराल में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि तीनों ने मकान में सेंध लगाकर 22 लाख रुपये नकद चुरा लिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दामाद और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
खेत बेचने के बाद घर में रखे थे रुपये
मामला खाजूवाला थाना क्षेत्र के चक 17 बीडी गांव का है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को जानकारी थी कि उसके ससुर ने हाल ही में खेत बेचा है और बड़ी रकम घर में रखी हुई है। इसी लालच में उसने अपने दो दोस्तों के साथ चोरी की योजना बनाई।
दीवार में छेद कर घर में घुसे
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दामाद गिरधारी लाल मेघवाल अपने दोस्तों के साथ रात के समय ससुराल पहुंचा। तीनों ने मकान की दीवार में छेद किया और अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखे 22 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
ससुर को हुआ दामाद पर शक
घटना के बाद जब चोरी का पता चला तो पीड़ित ससुर को अपने दामाद पर शक हुआ। इसके आधार पर उन्होंने गिरधारी लाल मेघवाल और उसके दो दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लिया।
13.35 लाख रुपये बरामद
पुलिस ने मंगलवार शाम तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 लाख 35 हजार रुपये बरामद कर लिए। शेष करीब 9 लाख रुपये के संबंध में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद नहीं हुई राशि का पता लगाने के लिए आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चोरी की रकम का कहीं निवेश या अन्यत्र उपयोग तो नहीं किया गया। इस घटना ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है, क्योंकि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार का ही सदस्य निकला।
