राजस्थान SI पेपर लीक केस में SOG का बड़ा एक्शन, फुटेज में देंखे दो और अभ्यर्थी गिरफ्तार; 7 और 20 लाख में हुआ था सौदा
राजस्थान SI भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने दो और अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने परीक्षा से पहले पेपर लीक गिरोह से कथित तौर पर सॉल्व पेपर हासिल किया था और उसे पढ़कर लिखित परीक्षा दी थी। दोनों अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा पास भी कर ली थी, लेकिन अलग-अलग कारणों से उनका अंतिम चयन नहीं हो सका।
परीक्षा से पहले पढ़ा था सॉल्व पेपर
SOG की जांच के अनुसार, गिरफ्तार दोनों अभ्यर्थियों ने पेपर लीक गिरोह से परीक्षा से पहले सॉल्व पेपर प्राप्त किया था। आरोप है कि इसी सॉल्व पेपर को पढ़ने के बाद दोनों ने SI भर्ती परीक्षा की लिखित परीक्षा दी और उसमें सफल रहे।जांच में यह भी सामने आया कि दोनों अभ्यर्थियों के लिए पेपर उपलब्ध कराने को लेकर अलग-अलग रकम का सौदा हुआ था। एक आरोपी ने कथित तौर पर पेपर के लिए 7 लाख रुपए में सौदा किया था, जबकि दूसरे आरोपी के लिए 20 लाख रुपए में पेपर उपलब्ध कराने की बात सामने आई।
लिखित परीक्षा पास, लेकिन अंतिम चयन नहीं
SOG के मुताबिक दोनों आरोपियों ने लिखित परीक्षा पास कर ली थी। हालांकि, अलग-अलग कारणों से वे भर्ती प्रक्रिया के अंतिम चरण में चयनित नहीं हो सके। जांच आगे बढ़ने के बाद SOG ने दोनों को पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपियों की पहचान सामने आई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेंद्र प्रताप सिंह और अनिल विश्नोई के रूप में हुई है। नरेंद्र प्रताप सिंह जयपुर ग्रामीण के रेनवाल थाना क्षेत्र के डूंगरीकलां का रहने वाला है। वहीं दूसरा आरोपी अनिल विश्नोई जोधपुर के लूणी थाना क्षेत्र स्थित भगतासनी की धर्मपुरी की ढाणी का निवासी बताया गया है।
पेपर लीक नेटवर्क की जांच जारी
SI भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक मामले में SOG पहले भी कई आरोपियों और अभ्यर्थियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। अब दो और अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और परीक्षा से पहले सॉल्व पेपर उपलब्ध कराने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।SOG की जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पेपर किन लोगों के जरिए आरोपियों तक पहुंचा और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
