राजसमंद में घर के बरामदे में बैठा था लेपर्ड, जर्मन शेफर्ड डॉग ने दौड़ाया; झाड़ियों में भागा, CCTV में कैद हुई घटना
शहर के महावीर नगर कॉलोनी में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के बरामदे में लेपर्ड बैठा दिखाई दिया। सुबह मकान मालिक महिला ने जैसे ही घर का दरवाजा खोला, सामने लेपर्ड को देखकर उनके होश उड़ गए। महिला ने घबराकर शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों की आवाज सुनकर लेपर्ड बरामदे से छलांग लगाकर सड़क पर आ गया। इसी दौरान पड़ोसी के जर्मन शेफर्ड डॉग ने उसका पीछा शुरू कर दिया। कुत्ते से बचने के लिए लेपर्ड तालेड़ी नाले की झाड़ियों की तरफ भाग गया।घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लेपर्ड की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया। वन विभाग की टीम इलाके में लगातार निगरानी कर रही है। अधिकारियों ने आसपास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह महावीर नगर कॉलोनी निवासी कैलाश जीनगर ने घर का दरवाजा खोला। जैसे ही उन्होंने बरामदे की तरफ देखा, वहां एक लेपर्ड बैठा हुआ था। अचानक जंगली जानवर को घर के भीतर देखकर महिला घबरा गईं और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए।लोगों की भीड़ और शोर बढ़ने पर लेपर्ड बरामदे से छलांग लगाकर सड़क पर आ गया। इसी दौरान पड़ोसी भंवर सिंह चुंडावत का जर्मन शेफर्ड डॉग भी वहां पहुंच गया। डॉग ने लेपर्ड का पीछा करना शुरू कर दिया। अचानक पीछे पड़े कुत्ते से बचने के लिए लेपर्ड तेजी से भागा और तालेड़ी नाले की ओर चला गया। इसके बाद वह नाले के आसपास मौजूद घनी झाड़ियों में छिप गया।
इस पूरे घटनाक्रम को कॉलोनी में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड किया गया है। फुटेज में लेपर्ड के घर के बरामदे में बैठने और बाद में सड़क पर आने के साथ ही उसके पीछे डॉग के दौड़ने की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में लेपर्ड की मौजूदगी को लेकर लोगों में चिंता और बढ़ गई है।सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। टीम ने लेपर्ड की संभावित मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। अधिकारियों की ओर से झाड़ियों, नाले और आसपास के इलाकों में निगरानी की जा रही है। फिलहाल लेपर्ड के जंगल या किसी अन्य स्थान की ओर जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
वन विभाग ने महावीर नगर के अलावा सुशील नगर, 100 फीट रोड, धोइंदा, जावद और किशोर नगर से रामेश्वर महादेव रोड तक रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को अकेले सुनसान इलाकों में नहीं जाने और झाड़ियों या नाले के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।वन विभाग की टीम लगातार इलाके पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि लेपर्ड की गतिविधियों का पता लगाने के लिए निगरानी जारी रहेगी। फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती यह सुनिश्चित करना है कि लेपर्ड आबादी वाले क्षेत्र में वापस न आए और किसी व्यक्ति या पालतू जानवर को नुकसान न पहुंचे।
