लिफ्ट के बहाने कार में बैठाया, वीडियो में देंखे चलती गाड़ी में महिला से छेड़छाड़; पुलिस को देखते ही आरोपी फरार
जयपुर में चलती कार में एक महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि एक परिचित युवक ने उसे लिफ्ट देने के बहाने अपनी कार में बैठाया और रास्ते में उसके साथ गंदी हरकत की। महिला के विरोध करने और पुलिस को शिकायत करने की बात कहने के बाद भी आरोपी नहीं रुका। इसके बाद महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 112 पर शिकायत कर दी। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार रात मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। थानाधिकारी के अनुसार महिला जयपुर की रहने वाली है और आरोपी युवक उसका परिचित है, जिसके चलते दोनों की पहले से जान-पहचान थी।
उधार लिए थे 5 हजार रुपये
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उसने आरोपी युवक से 5 हजार रुपये उधार लिए थे। 12 सितंबर की सुबह उसने उधार लिए गए रुपये वापस करने के लिए आरोपी को केसर चौराहा बुलाया था। आरोपी कार लेकर वहां पहुंचा, जहां महिला ने उसे 5 हजार रुपये वापस कर दिए।महिला के अनुसार, उसने आरोपी को बताया कि उसे नौकरी पर जाना है। आरोप है कि इसके बाद परिचित युवक ने उसे कार से छोड़ने के लिए लिफ्ट देने की बात कही। महिला उसके साथ कार में बैठ गई।
रास्ते में शुरू की गंदी हरकत
शिकायत के अनुसार, कार में बैठने के बाद आरोपी ने महिला को जूस भी पिलाया। दोनों बातचीत करते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान चलती कार में आरोपी ने महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ शुरू कर दी।महिला ने इसका विरोध किया और का रोकने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि युवक ने उसकी बात नहीं मानी और हरकत जारी रखी। महिला ने जब पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो भी आरोपी नहीं रुका।
112 पर की पुलिस से शिकायत
महिला ने स्थिति का विरोध करते हुए मोबाइल फोन से पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर शिकायत कर दी। पुलिस को सूचना मिलने के बाद जब कार्रवाई शुरू हुई तो आरोपी को इसकी जानकारी हो गई। आरोप है कि पुलिस के आने की भनक लगते ही युवक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। घटनास्थल और संबंधित परिस्थितियों की जानकारी जुटाने के साथ आरोपी से पूछताछ के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
