क्रिकेट खेलते समय सीकर के फौजी की हार्ट अटैक से मौत, वीडियो में देखें गांव में शोक की लहर
राजस्थान के सीकर जिले के मगनपुरा गांव निवासी सैनिक गिरधारी लाल कुमावत का उत्तराखंड में अचानक निधन हो गया। वे इन दिनों रुड़की में तैनात थे। क्रिकेट मैच खेलते समय उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार को गिरधारी लाल साथियों के साथ क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान उनके सीने में तेज दर्द उठा। स्थिति गंभीर होने पर वे तुरंत बाइक से अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टर इलाज शुरू करते उससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
गिरधारी लाल वर्ष 2013 में सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में रुड़की में 56 एपीओ बीईजी रिकॉर्ड्स में क्लर्क पद पर तैनात थे। अचानक हुई इस घटना से सेना के साथ-साथ उनके परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी सैनिक के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
सेना की ओर से शाम करीब साढ़े पांच बजे रुड़की से हवलदार गिरधारी लाल की पार्थिव देह रवाना कर दी गई है। 3 मार्च को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव मगनपुरा पहुंचेगा।
अंतिम यात्रा के दौरान खाटूश्यामजी मंदिर से मगनपुरा तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और पूर्व सैनिक शामिल होंगे। पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गांव में हर कोई इस असमय हुई मौत से स्तब्ध है। एक होनहार जवान, जिसने देश सेवा का रास्ता चुना, उसका इस तरह अचानक चले जाना पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।
