SI भर्ती पेपर लीक केस: SOG की बड़ी कार्रवाई, वीडियो में देंखे कोचिंग संचालक समेत दो आरोपी गिरफ्तार; अब तक 149 गिरफ्तारियां
राजस्थान की उप निरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहपुरा स्थित तत्कालीन एमएडी फाउंडेशन कोचिंग के संचालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले कथित तौर पर सॉल्व पेपर उपलब्ध कराने का आरोप है।
दो अभ्यर्थियों को दिया था सॉल्व पेपर
SOG की प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से दो अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले हल किया हुआ प्रश्नपत्र (सॉल्व पेपर) उपलब्ध कराया था। इसके बाद दोनों अभ्यर्थी परीक्षा में सफल होकर अंतिम चयन सूची में उप निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) के पद पर चयनित हो गए।
4 जुलाई तक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत ने 4 जुलाई तक SOG रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के दौरान उनसे पेपर लीक सिंडिकेट, पैसों के लेन-देन, अन्य सहयोगियों और पूरे नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है।
अब तक 149 आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान SI भर्ती पेपर लीक मामले में SOG की जांच लगातार जारी है। अब तक इस मामले में 149 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच एजेंसी का कहना है कि पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आने वाले दिनों में नए खुलासे और अन्य गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा
SOG पूरे पेपर लीक नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी है। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रश्नपत्र कैसे लीक हुआ, इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही और आर्थिक लेन-देन किस स्तर तक हुआ। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ाई जाएगी।
