राजस्थान यूनिवर्सिटी में अनशनरत छात्र नेता शुभम रेवाड़ को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, फुटेज में देंखे परिसर में हंगामा; आंदोलन जारी रखने का ऐलान
राजस्थान यूनिवर्सिटी में पिछले आठ दिनों से आमरण अनशन पर बैठे छात्र नेता शुभम रेवाड़ को शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन ने स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद अनशन स्थल से हटाकर सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में भर्ती करा दिया। इस कार्रवाई के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया और छात्र समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शुभम रेवाड़ राजस्थानी भाषा विभाग की स्थापना और प्रदेशभर में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर पिछले आठ दिनों से अनशन पर बैठे थे। उनका कहना था कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका सत्याग्रह जारी रहेगा।
स्वास्थ्य बिगड़ने पर प्रशासन ने की कार्रवाई
शुक्रवार सुबह पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी राजस्थान यूनिवर्सिटी परिसर स्थित अनशन स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि लगातार अनशन के कारण शुभम रेवाड़ की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को देखते हुए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराना आवश्यक था।प्रशासन ने पहले छात्र नेता और उनके समर्थकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बनने पर पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल शुभम रेवाड़ अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में भर्ती हैं और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस कार्रवाई का छात्रों ने किया विरोध
पुलिस की कार्रवाई के दौरान अनशन स्थल पर मौजूद छात्र समर्थकों ने इसका विरोध किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रहा है।छात्रों का कहना है कि सरकार उनकी मांगों पर संवाद करने के बजाय आंदोलन को खत्म करने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है। उनका आरोप है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों की आवाज को दबाया जा रहा है।
'अस्पताल ले जाने से आंदोलन खत्म नहीं होगा'
प्रदर्शनकारी छात्रों ने स्पष्ट किया कि शुभम रेवाड़ को अस्पताल ले जाने से आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है। उनका कहना है कि राजस्थानी भाषा विभाग की स्थापना और छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर सत्याग्रह आगे भी जारी रहेगा।छात्र नेताओं ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन विभिन्न रूपों में जारी रहेगा। उन्होंने अन्य छात्र संगठनों से भी आंदोलन में समर्थन देने की अपील की।
विश्वविद्यालय परिसर में बढ़ी हलचल
शुभम रेवाड़ को अस्पताल ले जाने के बाद भी राजस्थान यूनिवर्सिटी परिसर में छात्र समर्थक डटे रहे। पुलिस बल को परिसर में तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।फिलहाल शुभम रेवाड़ एसएमएस अस्पताल में उपचाराधीन हैं, जबकि विश्वविद्यालय परिसर में आंदोलन को लेकर माहौल गर्म बना हुआ है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार छात्रों की मांगों पर बातचीत शुरू करती है या आंदोलन आगे और तेज होता है।
