जयपुर में विंटेज कार से पहुंचे श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा, फुटेज में देंखे राजमंदिर में गूंजे ठहाके
जयपुर में गुरुवार को बॉलीवुड सितारों का अलग ही अंदाज देखने को मिला। अभिनेत्री श्रद्धा कपूर और अभिनेता रणदीप हुड्डा अपनी आगामी फिल्म ‘ईठा’ के प्रमोशन के लिए गुलाबी नगरी पहुंचे। दोनों कलाकार एमआई रोड पर विंटेज कार में सवार होकर निकले और इसके बाद शहर के मशहूर राजमंदिर सिनेमा पहुंचे। इस दौरान प्रशंसकों में उनकी एक झलक पाने के लिए जबरदस्त उत्साह नजर आया।
करीब 40 बाउंसर्स की टीम के बीच श्रद्धा और रणदीप ओपन विंटेज कार में खड़े होकर सड़क किनारे मौजूद लोगों का अभिवादन करते दिखे। जैसे ही दोनों कलाकार एमआई रोड से गुजरे, उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क पर रुक गए। कई प्रशंसकों ने मोबाइल से उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाए। भीड़ बढ़ने के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
राजमंदिर में दर्शकों के बीच पहुंचे सितारे
एमआई रोड पर प्रशंसकों का अभिवादन करने के बाद श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा राजमंदिर सिनेमा पहुंचे। यहां दोनों कलाकारों का दर्शकों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। इस दौरान रणदीप हुड्डा अपने मजाकिया अंदाज में नजर आए और उन्होंने ऐसी बात कही कि पूरा माहौल तालियों और ठहाकों से गूंज उठा।रणदीप ने श्रद्धा कपूर के साथ काम करने को लेकर कहा कि जयपुर में श्रद्धा के साथ रोमांस करने का मौका मिल रहा है, इसे कोई कैसे छोड़ सकता है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि आज जयपुर आने का मौका मिला है और देश की सबसे खूबसूरत अभिनेत्री के साथ काम करने का अवसर कौन छोड़ना चाहेगा।रणदीप की इस टिप्पणी पर वहां मौजूद दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। उनके इस अंदाज ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का खूब मनोरंजन किया।
श्रद्धा ने बताया लावणी की प्रैक्टिस का किस्सा
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा कपूर ने फिल्म से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने लावणी की प्रैक्टिस को लेकर एक दिलचस्प किस्सा सुनाया। श्रद्धा ने बताया कि इस डांस फॉर्म की तैयारी के दौरान वह 4 किलो की साड़ी और 4 किलो की पायजेब पहनकर अभ्यास करती थीं।अभिनेत्री के मुताबिक, लावणी की प्रस्तुति के लिए पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों के साथ अभ्यास करना उनके लिए खास अनुभव रहा। भारी साड़ी और पायजेब पहनकर डांस की प्रैक्टिस करना आसान नहीं था, लेकिन इससे उन्हें प्रस्तुति के दौरान पहनावे और डांस के तालमेल को समझने में मदद मिली।
फिल्म प्रमोशन के लिए जयपुर पहुंचे कलाकार
श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा अपनी फिल्म ‘ईठा’ को लेकर दर्शकों के बीच पहुंच रहे हैं। जयपुर में हुए इस प्रमोशनल कार्यक्रम में दोनों कलाकारों ने प्रशंसकों से मुलाकात की और फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए।विंटेज कार में शहर की सड़कों पर कलाकारों की एंट्री से लेकर राजमंदिर में रणदीप के मजाकिया अंदाज और श्रद्धा के लावणी प्रैक्टिस वाले किस्से तक, पूरे कार्यक्रम में मनोरंजन का माहौल बना रहा। दोनों सितारों की मौजूदगी ने जयपुर के प्रशंसकों के लिए इस दिन को खास बना दिया।
