जयपुर में दर्दनाक घटना: प्रेमी युगल ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
Jaipur के बस्सी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक प्रेमी युगल ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रीको फाटक के पास हुई, जहां दोनों ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान उत्तम (30), पुत्र गणेश, निवासी सुनारों का मोहल्ला, बस्सी और खुशी मीणा (19), पुत्री राजूलाल मीना, निवासी जामडोली के रूप में हुई है।
दोनों की पहचान रेलवे ट्रैक के पास खड़ी एक बाइक के नंबर के आधार पर की गई। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है, लेकिन अन्य संभावनाओं को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
घटना के बाद दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक संकट से गुजर रहा है, तो नजदीकी लोगों से बात करना और पेशेवर मदद लेना बेहद जरूरी है।
