Aapka Rajasthan

जयपुर में पत्नी के अपहरण का निकला चौंकाने वाला मामला, वीडियो में जाने विवाहिता ने खुद रची थी किडनैपिंग की कहानी; प्रेमी से शादी के लिए उठाया कदम

जयपुर में पत्नी के अपहरण का निकला चौंकाने वाला मामला, वीडियो में जाने विवाहिता ने खुद रची थी किडनैपिंग की कहानी; प्रेमी से शादी के लिए उठाया कदम
 
जयपुर में पत्नी के अपहरण का निकला चौंकाने वाला मामला, वीडियो में जाने विवाहिता ने खुद रची थी किडनैपिंग की कहानी; प्रेमी से शादी के लिए उठाया कदम

राजस्थान की राजधानी जयपुर में युवक से मारपीट कर उसकी पत्नी के अपहरण का मामला अब पूरी तरह अलग मोड़ ले चुका है। जिस घटना को पुलिस और परिजन किडनैपिंग मानकर जांच कर रहे थे, उसमें खुद विवाहिता ने थाने पहुंचकर बड़ा खुलासा किया है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसने अपना अपहरण खुद प्लान किया था, क्योंकि वह अपनी शादी से खुश नहीं थी और अपनी मर्जी से जाना चाहती थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

ब्रेजा कार से आए थे चार बदमाश

जानकारी के अनुसार, जयपुर में एक युवक ने पुलिस को शिकायत दी थी कि कुछ लोग ब्रेजा कार से आए और उसकी पत्नी को जबरन उठाकर ले गए। युवक के मुताबिक, कार में सवार चार लोगों में से दो बदमाश नीचे उतरे और उसकी पत्नी को पकड़कर जबरदस्ती गाड़ी में बैठा दिया।वहीं, बाकी दो लोगों ने युवक के साथ मारपीट की। हाथापाई और शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ ने दो आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में दोनों आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था और विवाहिता की तलाश शुरू कर दी थी।

थाने पहुंचकर महिला ने किया खुलासा

पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को विवाहिता खुद थाने पहुंच गई। उसने पुलिस को बताया कि उसके साथ कोई जबरदस्ती नहीं हुई थी, बल्कि किडनैपिंग की पूरी योजना उसने खुद बनाई थी।महिला ने बताया कि वह अपनी शादी से खुश नहीं थी और अपनी इच्छा से वहां से जाना चाहती थी। इसके बाद पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए और मामले की जांच आगे बढ़ाई।

4-5 साल से प्रेम संबंध में थी महिला

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि विवाहिता करीब 4-5 साल से एक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी। दोनों ने आर्य समाज में शादी भी कर ली थी।हालांकि, इस रिश्ते की जानकारी परिवार वालों को मिलने के बाद उन्होंने महिला को घर में रोक दिया था। इसके बाद अप्रैल 2026 में उसकी शादी कथित तौर पर जबरन किसी दूसरे युवक से करवा दी गई।शादी के बाद भी महिला अपने ससुराल नहीं गई और लगातार अपने पीहर में ही रह रही थी।

पुलिस अब पूरे मामले की कर रही जांच

पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाहिता अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ जाना चाहती थी और इसी वजह से अपहरण जैसी कहानी बनाई गई।पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस योजना में कितने लोग शामिल थे और क्या घटना को अंजाम देने के लिए किसी तरह की जबरदस्ती या अपराध किया गया था।इस मामले ने पुलिस को भी चौंका दिया है, क्योंकि शुरुआती शिकायत में जहां अपहरण का मामला सामने आया था, वहीं बाद में खुद महिला के बयान से पूरी कहानी बदल गई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।