Aapka Rajasthan

लोकतंत्र वाले बयान पर Shah ने राहुल गांधी पर किया पलटवार, कहा उन्हें बोलने का कोई अधिकार नहीं

 
लोकतंत्र वाले बयान पर Shah ने राहुल गांधी पर किया पलटवार, कहा उन्हें बोलने का कोई अधिकार नहीं

जयपुर न्यूज़ डेस्क, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा बार-बार लोकतंत्र को खतरे में बताने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कड़ा प्रतिवाद किया। कहा, राहुल गांधी लोकतंत्र बचाने की बात कर रहे हैं। सच्चाई यह है कि राहुल को लोकतंत्र की बात करने का अधिकार ही नहीं है। उनकी दादी पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लागू किया था। लाखों लोगों को जेल में डाल दिया था। राजनीतिक पार्टियों पर प्रतिबंध लगाया था। केंद्रीय गृह मंत्री ने विपक्षी दलों को भी घेरा। बोले, विपक्षी दल कह रहे हैं, लोकतंत्र बचाओ। क्यों, लोकतंत्र को क्या हो गया? कहते हैं कि हमारे नेता जेल में हैं। 12 लाख करोड़ के घोटाले करेंगे तो जेल में जाएंगे या नहीं? आगे बोले, यह कहकर चुनाव लड़ा था कि जो भ्रष्टाचार करेगा वो जेल की सलाखों के पीछे जाएगा।

राजस्थान के दो दिवसीय दौरे पर हैं शाह

राजस्थान के दो दिवसीय दौरे के आखिरी दिन सोमवार को अमित शाह जोधपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इसमें पांच लोकसभा क्षेत्रों जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, पाली और जालौर-सिरोही के शक्ति केंद्र पदाधिकारी, कोर कमेटी के सदस्य, पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।

चुनाव बाद प्रधानमंत्री के रूप में केवल मोदी ही आएंगे

शाह ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में 'लोकतंत्र बचाओ' रैली को लेकर आईएनडीआईए पर पलटवार करते हुए कहा, "चाहे आप कितनी भी पार्टियां इकट्ठा कर लें, चुनाव के बाद प्रधानमंत्री के रूप में केवल मोदी ही आने वाले हैं। मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से भारत तीसरे नंबर का अर्थतंत्र बन जाएगा।"

पूर्व पीएम जवाहर लाल नेहरू एक गलती कर गए थे

उन्होंने कहा कि पूर्व पीएम जवाहर लाल नेहरू एक गलती कर गए थे। वह जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 लगा गए थे, जिससे कश्मीर भारत का हिस्सा नहीं बन सके। मोदी ने अनुच्छेद 370 को समाप्त कर तिरंगा लहरा दिया। शाह ने कहा, इस चुनाव में भाजपा का मुकाबला परिवारवाद और घमंडिया गठबंधन से है। जिन नेताओं को अपने परिवार के अतिरिक्त किसी की चिंता नहीं है।

सोनिया गांधी अपने पुत्र राहुल को पीएम बनाना चाहती हैं

शाह ने कहा कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी अपने पुत्र राहुल को पीएम बनाना चाहती हैं। गहलोत का एक ही लक्ष्य है बेटे को सीएम बनाना, लालू यादव बेटे तेजस्वी और बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भतीजे, स्टालिन और उद्धव ठाकरे बेटों को सीएम बनाना चाहते हैं। जो बेटा, बेटी, बहू और भतीजे के बारे में सोचते हैं, वे युवाओं की चिंता कैसे कर सकते हैं। भारत के युवाओं को आगे बढ़ाने की सोच केवल मोदी और भाजपा रखती है।

60 प्रतिशत वोटों के साथ 25 सीटें जीतने का लक्ष्य

शाह ने कहा, चुनाव कार्यकर्ताओ के दम पर जीता जाता है। मैने विस्तृत कार्य योजना बताई है, जो थोड़ी कठिन है। लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए कठिन नहीं है। 2014 में 55 प्रतिशत और 2019 में 61 प्रतिशत वोटों के साथ राज्य की सभी लोकसभा सीटें जीती थी। इस बार 70 प्रतिशत वोटों के साथ सभी 25 सीटों पर लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करनी है। इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र ¨सह शेखावत ने भी संबोधित किया।

प्रधानमंत्री आज जयपुर में करेंगे चुनावी सभा

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दो दिवसीय प्रवास के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को राजस्थान आएंगे। वह जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र के कोटपुतली में भाजपा प्रत्याशी राव राजेंद्र सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पांच अप्रैल को चूरू में जनसभा को संबोधित करेंगे। चूरू में भाजपा ने वर्तमान सांसद राहुल कस्वा का टिकट काटकर देवेंद्र झाझडिया को प्रत्याशी घोषित किया है। मोदी राज्य में आधा दर्जन चुनाव सभाओं को संबोधित कर सकते हैं। अगले सप्ताह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा के दौरे का कार्यक्रम तय किया जा रहा है।