देश में भीषण गर्मी का कहर, कई राज्यों में पारा 44 डिग्री के पार; वीडियो में देंखे लू को लेकर अलर्ट जारी
देश के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और दिल्ली समेत कई राज्यों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में लू (हीटवेव) को लेकर चेतावनी जारी की है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।मध्य प्रदेश में हालात और भी गंभीर होते जा रहे हैं। राजधानी भोपाल में पहली बार रात के समय भी लू चलने की चेतावनी दी गई है, जो इस बार की गर्मी की तीव्रता को दर्शाता है। भोपाल के अलावा छिंदवाड़ा, मंडला, नर्मदापुरम, ग्वालियर, रतलाम और छतरपुर सहित राज्य के 16 जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों को दिन के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। प्रयागराज में तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे यह देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया है। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए 8वीं कक्षा तक के स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है, ताकि बच्चों को तेज धूप और लू से बचाया जा सके।झारखंड में भी स्थिति को देखते हुए आज से स्कूलों के समय में बदलाव लागू किया गया है। शिक्षा विभाग ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।
महाराष्ट्र के गोंदिया और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोमवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बढ़ती गर्मी और चिलचिलाती धूप को देखते हुए दोनों जिलों में प्रशासन ने दोपहर 12:30 बजे से 4:00 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल बंद रखने का निर्णय लिया है, ताकि लोगों को चौराहों पर खड़े होकर धूप की मार न झेलनी पड़े।विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय गर्म हवाओं और लू का असर काफी तेज है, जिससे डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ गया है। डॉक्टरों ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और दोपहर के समय घर के अंदर रहने की सलाह दी है। फिलहाल मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है, जिससे स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
