कार के दरवाजों और डैशबोर्ड में बना रखे थे गुप्त बॉक्स, 78 बोतल और 253 पव्वे शराब बरामद; फुटेज में देंखे चार तस्कर गिरफ्तार
सिरोही जिले में शराब तस्करी का एक अनोखा तरीका सामने आया है। स्वरूपगंज थाना पुलिस ने बुधवार शाम नाकाबंदी के दौरान एक लग्जरी कार से अंग्रेजी शराब की 78 बोतल और 253 पव्वे बरामद किए। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए कार के अंदर विशेष रूप से गुप्त बॉक्स बनवा रखे थे। शराब को पिछली सीट के अंदरूनी हिस्से, चारों दरवाजों और डैशबोर्ड में छिपाया गया था। पुलिस ने मौके से चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा शराब से भरी कार को आगे से एस्कॉर्ट कर रही दूसरी कार को भी जब्त किया गया है।पुलिस अधीक्षक अजेय सिंह राठौड़ के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसपी को क्षेत्र में शराब तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर स्वरूपगंज थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
पुलिस को देखकर कार भगाने लगा चालक
नाकाबंदी के दौरान पिंडवाड़ा की तरफ से तेज रफ्तार में एक लग्जरी कार आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने कार रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और आबूरोड की तरफ भागने लगा। इस पर पुलिस टीम ने कार का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रुकवा लिया।कार में सवार युवकों से पूछताछ के दौरान पुलिस को संदेह हुआ। इसी बीच पुलिस को पता चला कि शराब से भरी इस कार को एक दूसरी कार आगे से एस्कॉर्ट कर रही थी। पुलिस ने उस कार को भी रुकवाया और दोनों वाहनों को थाने ले आई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों कारों में सवार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
कार के अंदर बनाए गए थे विशेष गुप्त बॉक्स
पुलिस ने लग्जरी कार की तलाशी ली तो शराब छिपाने के लिए किए गए इंतजाम देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। तस्क ने कार के सामान्य हिस्सों में बदलाव कर अंदर गुप्त बॉक्स बनवा रखे थे। पिछली सीट के अंदरूनी हिस्से के साथ चारों दरवाजों और डैशबोर्ड में भी शराब छिपाने के लिए जगह बनाई गई थी।इन गुप्त बॉक्स में अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बोतलें और पव्वे रखे हुए थे। बाहर से देखने पर कार सामान्य लग रही थी, लेकिन अंदर बने विशेष खांचों में शराब छिपाई गई थी। पुलिस ने एक-एक हिस्से की जांच कर शराब बाहर निकाली।
दोनों कारें जब्त, चार युवकों से पूछताछ जारी
तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 78 बोतल और 253 पव्वे अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने शराब के साथ लग्जरी कार और उसे एस्कॉर्ट कर रही दूसरी कार को भी जब्त कर लिया है। मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है।अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार में गुप्त बॉक्स कब और कहां बनवाए गए थे। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।
