सीट के नीचे बने थे गुप्त बॉक्स, वीडियो में देंखे कोटा पुलिस ने पकड़ा 2.24 करोड़ कैश, हवाला कनेक्शन की जांच तेज
राजस्थान के कोटा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 2 करोड़ 24 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी रकम कार की सीट के नीचे बने दो गुप्त बॉक्स में बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने कार सवार दो युवकों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले में हवाला नेटवर्क से जुड़े बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।मामला कोटा जिले के चेचट थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात पुलिस मोड़क रोड स्थित 8 लाइन तिराहे पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। शुरुआती जांच में सब कुछ सामान्य लगा, लेकिन पुलिस को कार के अंदर कुछ गड़बड़ी का शक हुआ।
इसके बाद जब पुलिस ने गहन जांच की तो कार की सीट के नीचे बने दो विशेष गुप्त बॉक्स मिले। बॉक्स खोलने पर पुलिस भी चौंक गई, क्योंकि उनमें करोड़ों रुपये नकद भरे हुए थे। पुलिस ने मौके पर ही रकम की गिनती करवाई, जिसमें कुल 2 करोड़ 24 लाख रुपये बरामद हुए।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कार सवार दोनों युवक यह रकम उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज से लेकर गुजरात के अहमदाबाद जा रहे थे। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में कई अहम जानकारियां दी हैं।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गुजरात में ‘बाबूलाल कंपनी’ नाम की एक फर्म है, जो कथित तौर पर हवाला ट्रांजैक्शन का काम करती है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए दोनों युवक पिछले करीब दो वर्षों से इस कंपनी के लिए काम कर रहे थे। उन्हें हर महीने 25 से 30 हजार रुपये भुगतान किया जाता था।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों का काम अलग-अलग राज्यों से नकदी लेकर सुरक्षित तरीके से अहमदाबाद पहुंचाना था। इसके लिए कार में विशेष गुप्त बॉक्स तैयार करवाए गए थे ताकि सामान्य जांच में कैश पकड़ा न जा सके।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई थी और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। साथ ही हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। मामले की सूचना आयकर विभाग और अन्य जांच एजेंसियों को भी दी गई है।विशेषज्ञों का मानना है कि चुनाव, कारोबार और अवैध लेनदेन के मामलों में हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। ऐसे मामलों में नकदी को एक राज्य से दूसरे राज्य तक गुप्त तरीके से पहुंचाने के लिए विशेष मॉडिफाइड वाहनों का इस्तेमाल किया जाता है।
पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, बैंक खातों और कॉल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में जल्द ही और बड़े खुलासे हो सकते हैं। कोटा पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के समय की बड़ी सफलता माना जा रहा है। करोड़ों रुपये की नकदी बरामद होने के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
