जयपुर में स्कूल टाइमिंग बदली, गर्मी के चलते कक्षा 1 से 8 तक सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक ही कक्षाएं
बढ़ती गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए जयपुर जिला प्रशासन ने अहम फैसला लिया है। कक्षा प्री-प्राइमरी से लेकर आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। नए आदेश के अनुसार 27 अप्रैल से इन कक्षाओं का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही रहेगा।
इस संबंध में जयपुर के जिला कलेक्टर संदेश नायक ने शिक्षा अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। दोपहर के समय बढ़ती तेज धूप और लू के प्रभाव से बच्चों को बचाने के लिए स्कूल समय में बदलाव जरूरी माना गया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सरकारी और निजी स्कूल इस आदेश की सख्ती से पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई संस्था इन निर्देशों की अनदेखी करती है, तो उसके खिलाफ डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि हाल के दिनों में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है और आने वाले समय में हीटवेव की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में छोटे बच्चों को दोपहर की तेज गर्मी में स्कूल में रखना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
अभिभावकों ने इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे बच्चों के हित में उठाया गया सकारात्मक कदम बताया है। उनका कहना है कि सुबह के समय पढ़ाई होने से बच्चों को गर्मी से राहत मिलेगी और उनकी दिनचर्या भी बेहतर तरीके से व्यवस्थित हो सकेगी।
फिलहाल, प्रशासन का यह कदम बढ़ती गर्मी के बीच राहत देने वाला साबित हो सकता है और आने वाले दिनों में अन्य जिलों में भी इस तरह के निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
