संजय दत्त ने सीएम भजनलाल शर्मा से की मुलाकात, जानिए नेता और अभिनेता के बीच क्या रहा बातचीत का मुद्दा ?
राजस्थान दिन-प्रतिदिन फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनता जा रहा है। कुछ समय पहले आपने यह खबर सुनी होगी कि मशहूर अभिनेता कार्तिक आर्यन ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। इसी कड़ी में, आज संजू बाबा के नाम से मशहूर अभिनेता संजय दत्त ने भी सीएम भजनलाल से शिष्टाचार भेंट की। संजय दत्त अपनी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में राजस्थान में हैं। इसी क्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात की है।
सीएम भजनलाल ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया
इस मुलाकात के दौरान, सीएम भजनलाल ने मशहूर अभिनेता संजय दत्त का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों के बीच राजस्थान में फिल्म निर्माण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इसके साथ ही, भजनलाल ने राजस्थान में फिल्म सिटी बनाने में भी रुचि दिखाई। संजय दत्त के साथ इस विषय पर भी चर्चा हुई कि कैसे राजस्थान में फिल्म शूटिंग का पूरा सेट तैयार किया जा सकता है और बॉलीवुड को यहां शूटिंग के लिए प्रेरित किया जा सकता है। जिस तरह भाजपा सरकार में नोएडा में फिल्म सिटी बन रही है, उसी तरह भाजपा शासन में भजनलाल की सरकार राजस्थान में फिल्म सिटी बनाने में रुचि दिखा रही है और इस दिशा में काम भी कर रही है।
बेहतर कल के लिए सजग हैं भजनलाल
जब भजनलाल कार्तिक आर्यन से मिले, तो दोनों के बीच राजस्थान में फिल्म सिटी बनाने को लेकर चर्चा हुई। इसमें कोई शक नहीं कि राजस्थान को बेहतर बनाने और राजस्थान के उज्ज्वल भविष्य के लिए, मुख्यमंत्री भजनलाल एक दूरदर्शी सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं और आज नहीं तो कल, वह इस काम में ज़रूर कामयाब होंगे।
राजस्थान में हुई इन मशहूर फिल्मों की शूटिंग
राजस्थान के किले, इसकी विरासत, इसका इतिहास और इसकी खूबसूरती हर फिल्म की शूटिंग के लिए सबसे बेहतरीन लोकेशन मानी जाती है, न सिर्फ़ रोमांटिक फिल्मों के लिए, बल्कि एक्शन फिल्मों या किसी भी अन्य प्रकार की फिल्म के लिए भी। बॉलीवुड ने कई ऐसी मशहूर फिल्में दी हैं जिनकी शूटिंग राजस्थान में हुई है। इनमें जोधा अकबर, पीके, ये जवानी है दीवानी, पद्मावत, मुगल-ए-आज़म, बाजीराव मस्तानी, भूल भुलैया, बजरंगी भाईजान जैसी बड़ी फिल्में शामिल हैं।
