Aapka Rajasthan

भीलवाड़ा के जहाजपुर में अतिक्रमण हटाने पर बवाल, धार्मिक स्थल की दीवार हटाने के विरोध में पथराव, फुटेज में देंखे पुलिस ने किया लाठीचार्ज

भीलवाड़ा के जहाजपुर में अतिक्रमण हटाने पर बवाल, धार्मिक स्थल की दीवार हटाने के विरोध में पथराव, फुटेज में देंखे पुलिस ने किया लाठीचार्ज
 
भीलवाड़ा के जहाजपुर में अतिक्रमण हटाने पर बवाल, धार्मिक स्थल की दीवार हटाने के विरोध में पथराव, फुटेज में देंखे पुलिस ने किया लाठीचार्ज

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान मंगलवार को विवाद हो गया। नगर पालिका की टीम द्वारा एक धार्मिक स्थल से जुड़ी धर्मशाला की दीवार हटाए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस व प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया। हालात बिगड़ने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को मौके से खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

घटना जहाजपुर से गुजर रहे नेशनल हाईवे-52 स्थित धौड़ गांव में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे हुई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को डिटेन किया है। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाए जा रहे अतिक्रमण

जानकारी के अनुसार, जहाजपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-52 (चूरू से झालावाड़) पर देवा का खेड़ा से धौड़ होते हुए नेशनल हाईवे-148डी तक करीब 22 किलोमीटर लंबाई में सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इस परियोजना के तहत मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड (MDR)-419 का निर्माण और विस्तार किया जा रहा है।सड़क सीमा में आ रहे अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को हटाने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर पालिका की टीम धौड़ गांव पहुंची थी।

धार्मिक स्थल की दीवार हटाने पर भड़के ग्रामीण

नगर पालिका की टीम ने सड़क सीमा में आ रही एक धार्मिक स्थल से जुड़ी धर्मशाला की दीवार को हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीण नाराज हो गए और उन्होंने इसका विरोध करना शुरू कर दिया।ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर कार्रवाई रोकने की मांग की। अधिकारियों ने समझाइश का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद कुछ लोगों ने पुलिस और प्रशासन की टीम पर पथराव शुरू कर दिया।

पथराव के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

पथराव शुरू होते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों को स्थिति संभालने में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।पुलिस कार्रवाई के बाद ग्रामीण मौके से हटे और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। घटना के बाद पुलिस ने वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव करने वालों की पहचान शुरू कर दी है।

प्रशासन ने की शांति बनाए रखने की अपील

अधिकारियों का कहना है कि सड़क विकास परियोजना के लिए नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। किसी भी विवाद की स्थिति में लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।फिलहाल धौड़ गांव में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।