RPSC भर्ती 2026: प्राध्यापक के 121 पदों पर निकली वैकेंसी, दो मिनट के वीडियो में जाने 1 जून से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्राध्यापक के 121 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी किया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत योग्य अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस भर्ती से संबंधित शैक्षणिक योग्यता, वर्गवार पदों का विवरण और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए गए हैं। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले सभी शर्तों और पात्रता मानदंडों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जून 2026 से शुरू होकर 30 जून 2026 की रात 12 बजे तक जारी रहेगी। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उम्र सीमा को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उम्मीदवार की आयु 1 जनवरी 2027 को न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षण वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
आयोग ने साफ किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। किसी भी स्थिति में ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे, इसलिए उम्मीदवारों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का चयन परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा की तिथि और परीक्षा केंद्रों की जानकारी बाद में अलग से जारी की जाएगी।यह भर्ती उन युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है जो शिक्षा क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं और प्राध्यापक बनने का सपना देख रहे हैं।
