एम्स जोधपुर में रेजिडेंट डॉक्टर की मौत, OT के ब्रेक रूम के बाथरूम में मिला शव; पुलिस जांच में जुटी
जोधपुर स्थित एम्स में मंगलवार को एक रेजिडेंट डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। डॉक्टर का शव ऑपरेशन थिएटर (OT) कॉम्प्लेक्स के ब्रेक रूम के बाथरूम में मिला। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला माना है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अलवर निवासी 31 वर्षीय डॉ. राज नरेश यादव के रूप में हुई है। वह एम्स जोधपुर के एनेस्थीसिया विभाग में प्रथम वर्ष के रेजिडेंट डॉक्टर थे। मंगलवार को उनकी ओटी में ड्यूटी थी। दोपहर में ड्यूटी के दौरान वह ब्रेक के लिए बाहर गए, लेकिन करीब डेढ़ से दो घंटे तक वापस नहीं लौटे। इससे उनके साथी डॉक्टरों को चिंता हुई।
साथी डॉक्टरों ने उन्हें फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। डॉक्टरों को ओटी कॉम्प्लेक्स के ब्रेक रूम के बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर डॉ. राज नरेश अचेत अवस्था में मिले।
साथी डॉक्टरों और कर्मचारियों ने उन्हें बाहर निकालकर CPR दिया और इमरजेंसी उपचार देने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने शव को एम्स की मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। मौके से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। एम्स प्रशासन भी अपने स्तर पर मामले की जांच कर रहा है। फिलहाल डॉक्टर की मौत को लेकर किसी तरह के दबाव या परेशानी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
