जयपुर के सोडाला में सड़क पर फेंके गए मृत जानवरों के अवशेष, लोगों का फूटा गुस्सा; CCTV में कैद हुई घटना
जयपुर के सोडाला स्थित मजदूर नगर इलाके में रविवार देर रात सड़क पर मृत जानवरों के अवशेष फेंके जाने की घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। यह मामला रात करीब 11 बजे श्री राम स्वीट्स के बाहर का है, जहां नगर निगम के एक हूपर वाहन पर अवशेष सड़क पर डालकर चले जाने का आरोप लगा है।
सड़क पर मृत जानवरों के अवशेष पड़े देखकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर हंगामे जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। स्थानीय निवासियों ने सार्वजनिक स्थान पर इस तरह मृत जानवरों के अवशेष फेंके जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
घटना की जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि नगर निगम के हूपर वाहन से ही सड़क पर मृत जानवरों के अवशेष डाले गए थे। इसके बाद प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह अवशेष फेंकने के लिए कौन जिम्मेदार था और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।
