जयपुर में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, फुटेज में देंखे अब स्पीकर पर मिलेगा रियल टाइम ट्रैफिक अपडेट; JDA ने शुरू किया नया सिस्टम
राजधानी जयपुर में ट्रैफिक व्यवस्था को और स्मार्ट बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब शहर में ट्रैफिक जाम में फंसे लोगों को वैकल्पिक मार्ग (Alternative Route) की जानकारी सीधे सार्वजनिक स्थानों पर लगे स्पीकरों के माध्यम से मिलेगी। इसके जरिए लोगों को रियल टाइम ट्रैफिक अपडेट, रूट डायवर्जन, सड़क दुर्घटनाओं और आपातकालीन स्थितियों की जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी। इस नई व्यवस्था की शुरुआत जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने आईपी आधारित पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए की है।
सोशल मीडिया का इंतजार नहीं करना पड़ेगा
नई व्यवस्था लागू होने के बाद लोगों को ट्रैफिक जाम या रूट डायवर्जन की जानकारी के लिए सोशल मीडिया या ट्रैफिक पुलिस के ऑनलाइन अपडेट का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।यदि किसी मार्ग पर जाम, दुर्घटना, वीआईपी मूवमेंट या अन्य कारणों से यातायात प्रभावित होगा, तो उसकी सूचना तुरंत शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे स्पीकरों के जरिए प्रसारित की जाएगी। इससे वाहन चालक समय रहते अपना मार्ग बदल सकेंगे और अनावश्यक जाम से बच सकेंगे।
पहले चरण में 8 स्थानों पर शुरू हुई सुविधा
JDA ने पहले चरण में शहर के 8 प्रमुख स्थानों पर इस पब्लिक एड्रेस सिस्टम को शुरू कर दिया है। आने वाले समय में इस सुविधा का विस्तार करते हुए इसे 24 प्रमुख स्थानों तक पहुंचाया जाएगा।इस परियोजना का उद्देश्य शहर में ट्रैफिक प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाना और आम नागरिकों को समय पर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराना है।
अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से होगा संचालन
जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि पूरे सिस्टम का संचालन अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से किया जाएगा। इस कंट्रोल सेंटर से शहरभर में लगाए गए सभी पब्लिक एड्रेस सिस्टम को एक साथ संचालित किया जा सकेगा।उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति, ट्रैफिक जाम, रूट डायवर्जन या विशेष आयोजन के दौरान कंट्रोल सेंटर से तत्काल घोषणा कर लोगों तक जरूरी जानकारी पहुंचाई जाएगी।
आपदा और आपातकाल में भी मिलेगा लाभ
यह प्रणाली केवल ट्रैफिक प्रबंधन तक सीमित नहीं रहेगी। प्राकृतिक आपदा, आग, भारी बारिश, सुरक्षा अलर्ट या अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में भी प्रशासन इसी सिस्टम के जरिए लोगों को तुरंत सतर्क कर सकेगा।विशेषज्ञों का मानना है कि इस तकनीक से ट्रैफिक प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।जयपुर में स्मार्ट सिटी और आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आने वाले दिनों में इसके विस्तार के बाद शहर के अधिक क्षेत्रों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
