जयपुर के रामपुरा सरकारी स्कूल का नवनिर्माण शुरू, वीडियो में जाने जर्जर भवन गिराया गया; CJP ने बताया अपनी जीत
जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र स्थित रामपुरा गांव के सरकारी स्कूल के नवनिर्माण का काम बुधवार सुबह शुरू हो गया। लंबे समय से जर्जर हालत में चल रहे स्कूल भवन को गिराकर नई बिल्डिंग बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सरकार की ओर से स्कूल के निर्माण के लिए करीब 18 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है, जिसके बाद पुरानी और कमजोर हो चुकी इमारत को हटाकर नए निर्माण की शुरुआत की गई।
रामपुरा सरकारी स्कूल पिछले कुछ समय से चर्चा में था। स्कूल भवन की खराब स्थिति और सुविधाओं की कमी को लेकर स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने आवाज उठाई थी। इसी स्कूल को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 21 अगस्त को विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के बाद स्कूल के नवनिर्माण को लेकर सरकार की ओर से कदम उठाए गए।
CJP ने नवनिर्माण के फैसले को बताया बड़ी जीत
कॉकरोच जनता पार्टी की जॉइंट सेक्रेटरी रेखा शर्मा ने रामपुरा स्कूल के पुनर्निर्माण को पार्टी की बड़ी जीत बताया है। उन्होंने कहा कि जिस स्कूल में बच्चे लंबे समय से खराब परिस्थितियों में पढ़ने को मजबूर थे, अब उसका नया भवन बनाया जाएगा।रेखा शर्मा ने आरोप लगाया कि रामपुरा स्कूल की स्थिति लंबे समय से खराब थी और सरकार पहले भी इसके निर्माण का काम शुरू कर सकती थी। उन्होंने कहा कि इसके लिए हाल में हुए विरोध या किसी विवाद की जरूरत नहीं थी। समय रहते सरकार को इस दिशा में कदम उठाना चाहिए था।उन्होंने कहा, "भैंसों के तबेले में संचालित हो रहे रामपुरा स्कूल का अब नवनिर्माण होगा। यह बच्चों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा था और इसे लेकर लगातार आवाज उठाई गई।"
सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने की मांग
CJP नेता रेखा शर्मा ने कहा कि रामपुरा स्कूल का निर्माण केवल एक स्कूल की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह राजस्थान के सभी सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने की मुहिम का हिस्सा है।उन्होंने कहा कि पार्टी तब तक अपनी आवाज उठाती रहेगी, जब तक प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो जातीं। उनका कहना है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को भी अच्छे भवन, सुरक्षित वातावरण और जरूरी संसाधन मिलना चाहिए।
नई बिल्डिंग से छात्रों को मिलेगी राहत
पुरानी बिल्डिंग के गिराए जाने के बाद अब नए भवन का निर्माण शुरू हो गया है। नई बिल्डिंग बनने के बाद छात्रों और शिक्षकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। स्कूल में पढ़ाई के लिए सुरक्षित और बेहतर माहौल उपलब्ध हो सकेगा।स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से स्कूल भवन की हालत खराब थी, जिससे बच्चों और शिक्षकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में भी खुशी का माहौल है।
प्रशासन की निगरानी में होगा निर्माण कार्य
स्कूल भवन निर्माण को लेकर प्रशासन की ओर से भी निगरानी रखी जाएगी। तय समय सीमा में काम पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि छात्रों को जल्द से जल्द नए भवन की सुविधा मिल सके।रामपुरा स्कूल का मामला अब सरकारी शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों की स्थिति को लेकर एक बड़े मुद्दे के रूप में सामने आया है। नवनिर्माण शुरू होने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि यह स्कूल आने वाले समय में क्षेत्र के बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा केंद्र बन सकेगा।
