राजधानी जयपुर में रेव पार्टी का भंडाफोड़! नशे की हालत में पुलिस ने 50 युवक-युवतियों को किया गिरफ्तार, जाने कहां हो रही थी पार्टी
जयपुर में देर रात पुलिस ने एक रेव पार्टी पर छापा मारकर 50 युवक-युवतियों को गिरफ्तार किया। घटना बगरू थाना क्षेत्र के हिम्मतपुरा स्थित होटल 'कैलाम अथर्व पैलेस एंड रेस्टोरेंट' में हुई। यहां भारी मात्रा में शराब जब्त की गई। शराब परोसने के आरोप में होटल संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है।डीसीपी पश्चिम अमित कुमार ने बताया- देर रात सूचना मिली थी कि बगरू थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में रेव पार्टी चल रही है। इसके बाद कुछ पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम ने मौके पर रेव पार्टी चलती देखी।
नशे की हालत में मिले लोग
पुलिसकर्मियों ने सबसे पहले एडिशनल डीसीपी को सूचना दी, जिसके बाद दोपहर डेढ़ बजे बगरू और बिंदायका थाने की टीम मौके पर भेजी गई। बड़ी संख्या में युवक-युवतियां नशे की हालत में मिले। पुलिस को देखकर वे भागने की कोशिश करने लगे। उन्हें रोका गया और होटल संचालक को मौके पर बुलाया गया।
10 युवतियां गिरफ्तार
पुलिस ने होटल संचालक से शराब परोसने से संबंधित आबकारी दस्तावेज मांगे, लेकिन संचालक दस्तावेज नहीं दिखा सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, होटल में चल रही रेव पार्टी के दौरान 40 युवक और 10 युवतियों को गिरफ्तार किया गया। सीआई बगरू मोती लाल ने बताया- पार्टी में मौजूद लोग नशे की हालत में युवतियों के साथ डांस कर रहे थे। पुलिस ने डीजे बंद करवा दिया। इसके बाद पार्टी बंद करवाने को कहा तो कुछ लोगों ने मौके से भागने की कोशिश की, जिन्हें रोका गया। सभी लोगों को बिंदायका थाने में रखा गया है।
