रणथंभौर में नए साल की सफारी के लिए रिकॉर्ड बुकिंग, वीडियो में जाने पहले ही दिन 46,500 पर्यटकों ने कराए टिकट; ब्रिटेन से सबसे ज्यादा पर्यटक
राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर टाइगर रिजर्व में नए साल 2027 की शुरुआत वन्यजीव पर्यटन के लिहाज से बेहद खास रहने वाली है। यहां नए साल की सफारी के लिए एडवांस बुकिंग शुरू होते ही पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। 1 नवंबर को बुकिंग पोर्टल खुलने के पहले ही दिन देश-विदेश के करीब 46,500 पर्यटकों ने सफारी के टिकट बुक करा लिए। इनमें लगभग 27 हजार भारतीय और 19,500 विदेशी पर्यटक शामिल हैं।
बुकिंग के शुरुआती आंकड़ों ने रणथंभौर में नए साल के दौरान पर्यटकों की भारी भीड़ का संकेत दे दिया है। खास बात यह है कि विदेशी पर्यटकों ने भी बड़ी संख्या में रणथंभौर सफारी के लिए टिकट बुक कराए हैं। यूनाइटेड किंगडम, अमेरिका, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड, पोलैंड, रोमानिया, आर्मेनिया और जॉर्जिया सहित कई देशों के पर्यटकों ने रणथंभौर के आधिकारिक बुकिंग पोर्टल के माध्यम से सीधे टिकट आरक्षित किए हैं।
ब्रिटेन के पर्यटकों ने सबसे ज्यादा दिखाई दिलचस्पी
विदेशी पर्यटकों की बुकिंग में यूनाइटेड किंगडम सबसे आगे रहा। इसके बाद अमेरिका दूसरे और ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर रहे। जर्मनी, नीदरलैंड और यूरोप के कई अन्य देशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटकों ने सफारी के टिकट बुक कराए हैं।बुकिंग के आंकड़ों में कुछ देशों की हिस्सेदारी में बदलाव भी देखने को मिला। फ्रांस से आने वाले पर्यटकों की हिस्सेदारी में 0.31 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, पर्यटकों की संख्या के मामले में इटली और स्विट्जरलैंड ने कनाडा को पीछे छोड़ दिया।
1 जनवरी 2027 पर्यटकों की पहली पसंद
सफारी बुकिंग के आंकड़ों में 1 जनवरी 2027 पर्यटकों की पहली पसंद बनकर सामने आया है। नए साल के पहले दिन जंगल की सैर करने के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने पहले से ही टिकट आरक्षित करा लिए हैं। इससे साफ है कि पर्यटक नए साल का स्वागत रणथंभौर के जंगलों में वन्यजीवों को देखने के साथ करना चाहते हैं।
60 प्रतिशत पुरुष और 40 प्रतिशत महिलाएं
बुकिंग रिपोर्ट के अनुसार, रणथंभौर सफारी के लिए टिकट बुक कराने वाले पर्यटकों में करीब 60 प्रतिशत पुरुष और 40 प्रतिशत महिलाएं हैं। आयु वर्ग के लिहाज से 41 से 60 वर्ष और इससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों की हिस्सेदारी लगभग 25 प्रतिशत रही। बाकी पर्यटकों में बच्चे और 25 वर्ष तक के युवा शामिल हैं।
वैश्विक तनाव के बावजूद विदेशी पर्यटकों का उत्साह बरकरार
वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव और अस्थिरता के बावजूद रणथंभौर घूमने आने वाले विदेशी पर्यटकों के उत्साह में कमी नहीं दिखाई दी। पहले ही दिन 19,500 विदेशी पर्यटकों की बुकिंग इस बात का संकेत है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रणथंभौर की लोकप्रियता बनी हुई है।कुल मिलाकर, नए साल 2027 की सफारी के लिए पहले दिन हुई रिकॉर्ड बुकिंग से रणथंभौर में पर्यटन कारोबार को लेकर अच्छी संभावनाएं नजर आ रही हैं। अब नए साल के करीब आने के साथ पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
