राजस्थान की कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत, पिता ने गलत इंजेक्शन को बताया कारण
राजस्थान के बालोतरा में बुधवार (28 जनवरी) को कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की मौत ने सनसनी फैला दी है। उनके पिता वीरमनाथ (गुरुजी) का दावा है कि उनकी बेटी की मौत गलत इंजेक्शन के कारण हुई। वीरमनाथ ने बताया कि जैसे ही प्रेम बाईसा को इंजेक्शन लगाया गया, 30 सेकंड के भीतर उनकी हालत बिगड़ गई।
वीरमनाथ के अनुसार, बाईसा अचानक चीखने लगीं, सांस लेने में दिक्कत हुई और कफ आने लगा। अस्पताल के गेट तक पहुंचते-पहुंचते वे बेहोश हो गईं और फिर दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि प्रेम बाईसा ने अंतिम समय में उनसे कहा था, “गुरुजी, मुझे न्याय दिलाना।”
पिता के मुताबिक, इसी उद्देश्य से उन्होंने चार घंटे बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट डालकर जानकारी साझा की।
बताया जा रहा है कि प्रेम बाईसा की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी, जिससे परिवार और संत समाज में चिंता और शोक का माहौल बना हुआ है। प्रेम बाईसा राजस्थान की जाने-मानी कथावाचक और साध्वी थीं, जिन्होंने सामाजिक और धार्मिक क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई थी।
शुक्रवार (30 जनवरी) को उनके परेऊ गांव के आश्रम में संत परंपरा के अनुसार समाधि दी गई। उनके शिष्यों और परिवार के सदस्यों ने अंतिम संस्कार में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कहा जा रहा है कि परिवार ने पुलिस और संबंधित अधिकारियों से मामले की गहन जांच की मांग की है ताकि मौत की सच्चाई सामने आ सके।
