राजस्थान पर्यटन ने रचा नया रिकॉर्ड, वीडियो में देंखे पहली तिमाही में 6.19 करोड़ से ज्यादा पर्यटक पहुंचे
पर्यटन के क्षेत्र में राजस्थान ने वर्ष 2026 की पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और दुनिया के पर्यटकों के बीच अपनी लोकप्रियता एक बार फिर साबित की है। पर्यटन विभाग की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से मार्च 2026 के बीच राज्य में 6 करोड़ 19 लाख 86 हजार 185 पर्यटक यात्राएं दर्ज की गईं।
इनमें 6 करोड़ 12 लाख 87 हजार 727 घरेलू पर्यटक और 6 लाख 98 हजार 458 विदेशी पर्यटक शामिल रहे। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि राजस्थान अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों और प्राकृतिक पर्यटन के कारण लगातार पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक दलीप सिंह राठौड़ ने बताया कि आंकड़ों के विश्लेषण से यह स्पष्ट हुआ है कि घरेलू और विदेशी पर्यटकों की पसंद अलग-अलग रही। उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले अधिकांश पर्यटकों ने धार्मिक स्थलों की यात्रा को प्राथमिकता दी, जबकि विदेशी पर्यटकों ने राजस्थान के भव्य किलों, ऐतिहासिक महलों, यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों और वन्यजीव अभयारण्यों में सबसे अधिक रुचि दिखाई।
पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर पर्यटन सुविधाएं, मजबूत कनेक्टिविटी, सांस्कृतिक आयोजनों और विरासत संरक्षण पर लगातार हो रहे कार्यों का सकारात्मक असर राज्य में पर्यटकों की बढ़ती संख्या के रूप में दिखाई दे रहा है। आने वाले महीनों में भी राजस्थान में पर्यटन गतिविधियों में और वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है।
