Rajasthan SI Paper Leak: जेल में बंद सब-इंस्पेक्टर मोनिका जाट बनी मां, बेटी को जन्म दिया लेकिन कोर्ट से नहीं मिली जमानत
राजस्थान में सबसे चर्चित पेपर लीक मामला एसआई पेपर लीक 2021 का है, जिसमें सैकड़ों अभ्यर्थियों ने कथित तौर पर परीक्षा के पेपर खरीद-फरोख्त कर सफलता हासिल की है। एसओजी की जांच में अब तक सैकड़ों ऐसे अभ्यर्थी सामने आ चुके हैं, जिनमें कुछ जमानत पर जेल से बाहर हैं, जबकि कुछ अभ्यर्थी ऐसे भी हैं जो अभी भी जेल में हैं। वहीं, एक ऐसा मामला सामने आया है जो काफी हैरान करने वाला है। पेपर लीक मामले में गिरफ्तार एसआई मोनिका जाट जेल में हैं और अब उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया है। बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्हें जमानत भी नहीं मिल पाई।
जेल के अंदर स्थित अस्पताल में बच्ची को दिया जन्म
सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा मामले में गिरफ्तार फर्जी एसआई मोनिका जाट ने एक बच्ची को जन्म दिया है। मोनिका की डिलीवरी 4 अगस्त को जयपुर के महिला अस्पताल में हुई थी। उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया है। हालांकि, इस दौरान उन्हें कोर्ट से जमानत नहीं मिल पाई। जेल के अंदर एक अस्पताल है। वहीं उनकी और बच्ची की देखभाल की जा रही है। मोनिका का जेल के अंदर उचित इलाज चल रहा है। बता दें, एसआई भर्ती 2021 में नकल और पेपर लीक मामले की जांच कर रही राजस्थान पुलिस की एसओजी ने झुंझुनू पुलिस लाइन में तैनात मोनिका जाट को गिरफ्तार किया है।
मोनिका जाट ने 15 लाख में किया था सौदा
मोनिका ने एसआई भर्ती परीक्षा में 34वीं रैंक हासिल की थी। उसने हिंदी विषय में 200 में से 184 अंक और सामान्य ज्ञान विषय में 200 में से 161 अंक हासिल किए थे। वहीं, जब वह इंटरव्यू में बैठी तो उसे केवल 15 अंक मिले, जिससे वह सवालों के घेरे में आ गई। एसओजी ने जब दोबारा रिटर्न परीक्षा ली तो वह हिंदी में आवेदन भी ठीक से नहीं लिख पाई थी। ब्लूटूथ की मदद से नकल करके मोनिका फर्जी सब-इंस्पेक्टर बन गई थी। मोनिका ने नकल गिरोह के सरगना पौरव कलियर से परीक्षा से पहले पेपर पढ़ाने का 15 लाख रुपये में सौदा करके परीक्षा पास की थी। मोनिका का एसआई भर्ती लिखित परीक्षा केंद्र अजमेर में था।
