राजस्थान नगर निगम रिजल्ट: वीडियो में देखें पाली-अजमेर में निर्दलीय किंगमेकर; जयपुर में ज्योति खंडेलवाल हारीं
राजस्थान के 10 नगर निगमों के चुनाव परिणामों की तस्वीर धीरे-धीरे साफ हो रही है। बीकानेर में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिल गया है। वहीं पाली और अजमेर में भी मुकाबले के बाद निर्दलीय पार्षदों की संख्या महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उदयपुर और भीलवाड़ा में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जिससे यहां भाजपा का मेयर बनने की संभावना मजबूत हो गई है। अलवर, कोटा और जयपुर नगर निगम में भी भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनी है।
पाली-अजमेर में निर्दलीय होंगे किंगमेकर
पाली और अजमेर नगर निगम में किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने की स्थिति में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अहम हो सकती है। भरतपुर में भी निर्दलीय प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। ऐसे में मेयर के चुनाव में निर्दलीय पार्षद सत्ता की चाबी अपने हाथ में रख सकते हैं।
जोधपुर में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। यहां भी अंतिम परिणाम और निर्दलीय पार्षदों की संख्या मेयर चुनाव की दिशा तय कर सकती है।
जयपुर में ज्योति खंडेलवाल को बड़ा झटका
जयपुर नगर निगम चुनाव में सबसे बड़े उलटफेर में पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल चुनाव हार गई हैं। कांग्रेस छोड़कर भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरीं ज्योति खंडेलवाल वार्ड नंबर 110 से प्रत्याशी थीं। उन्हें कांग्रेस की सुनीता मेठी ने हरा दिया।
ज्योति खंडेलवाल की हार को जयपुर के चुनाव परिणामों का बड़ा राजनीतिक उलटफेर माना जा रहा है। वहीं मेयर पद की दौड़ में शामिल भाजपा नेता सुनील कोठारी ने 900 से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है। भाजपा ने निवर्तमान मेयर कुसुम यादव का टिकट काटकर सुनील कोठारी को मैदान में उतारा था।
कांग्रेस ने वार्ड 113 में बनाया रिकॉर्ड
जयपुर के वार्ड नंबर 113 में कांग्रेस प्रत्याशी ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। कांग्रेस उम्मीदवार ने 10,014 वोटों के अंतर से चुनाव जीतकर बड़ी सफलता हासिल की। जयपुर में भाजपा के सबसे बड़ी पार्टी बनने के बावजूद कांग्रेस की इस बड़ी जीत ने मुकाबले को रोचक बना दिया है।
उदयपुर और जोधपुर में बड़े उलटफेर
उदयपुर के वार्ड नंबर 17 से कांग्रेस शहर अध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ की पत्नी पूनम कंवर ने जीत दर्ज की है। वहीं पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के दामाद के भाई आकाश वागरेचा ने वार्ड नंबर 5 से चुनाव जीत लिया है।
जोधपुर में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष चुनाव हार गए हैं। उन्हें भाजपा के मेघराज लोहिया ने हराया है। मेघराज लोहिया पूर्व राज्यमंत्री रह चुके हैं। उनकी जीत को जोधपुर के प्रमुख चुनावी उलटफेरों में शामिल किया जा रहा है।
भरतपुर में सबसे ज्यादा मतदान
10 नगर निगमों में मतदान प्रतिशत की बात करें तो भरतपुर में सबसे ज्यादा 73.68 फीसदी मतदान हुआ था। इसके बाद जोधपुर में 71.95 फीसदी वोटिंग हुई। अब मतगणना के नतीजों से यह तय होगा कि मतदाताओं का रुझान किस पार्टी के पक्ष में गया।
राजस्थान के नगर निगम चुनाव में भाजपा कई शहरों में बढ़त बनाती नजर आ रही है, जबकि बीकानेर में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं पाली, अजमेर, भरतपुर और जोधपुर में निर्दलीय पार्षद मेयर चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
