राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026 जल्द होगी शुरू, वीडियो में देंखे 56 हजार बुजुर्गों को मिलेगा लाभ
राजस्थान सरकार की बहुप्रतीक्षित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। देवस्थान विभाग की हालिया बैठक में इस योजना को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिसमें आवेदन पोर्टल में आवश्यक तकनीकी बदलाव कर प्रक्रिया को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि योजना को समय पर और पारदर्शी तरीके से लागू किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र वरिष्ठ नागरिक इसका लाभ उठा सकें। इस योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को राज्य सरकार के खर्च पर देश और विदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी। सरकार का उद्देश्य उन बुजुर्गों को धार्मिक और आध्यात्मिक यात्रा का अवसर देना है, जो आर्थिक या स्वास्थ्य कारणों से स्वयं यात्रा करने में सक्षम नहीं हैं।
इस वर्ष योजना के अंतर्गत लगभग 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को ट्रेन के माध्यम से विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। इसके साथ ही 6 हजार वरिष्ठ नागरिकों को हवाई यात्रा के जरिए नेपाल स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन का अवसर मिलेगा।सरकारी अधिकारियों के अनुसार, योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को अधिक सरल और पारदर्शी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि पात्र लोगों का चयन निष्पक्ष तरीके से किया जा सके।
यह योजना राजस्थान सरकार की उन सामाजिक कल्याण योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, सुविधा और आध्यात्मिक संतुष्टि प्रदान करना है। हर वर्ष बड़ी संख्या में बुजुर्ग इस योजना का लाभ उठाते हैं और विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं।फिलहाल विभाग की तैयारी अंतिम चरण में है और जल्द ही आवेदन तिथि की आधिकारिक घोषणा की जाएगी, जिसके बाद पात्र नागरिक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
