Aapka Rajasthan

राजस्थान निकाय चुनाव: 162 नगर निकायों में वोटिंग, भरतपुर में सबसे ज्यादा मतदान; वीडियो में जाने कई जगह विवाद और हंगामा

राजस्थान निकाय चुनाव: 162 नगर निकायों में वोटिंग, भरतपुर में सबसे ज्यादा मतदान; वीडियो में जाने कई जगह विवाद और हंगामा
 
राजस्थान निकाय चुनाव: 162 नगर निकायों में वोटिंग, भरतपुर में सबसे ज्यादा मतदान; वीडियो में जाने कई जगह विवाद और हंगामा

राजस्थान के 162 नगरीय निकायों (नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका) में पहले चरण के लिए बुधवार को मतदान हुआ। चुनाव के दौरान कई जगहों पर विवाद, फर्जी वोटिंग के आरोप और हंगामे की घटनाएं सामने आईं। चार नगर निगमों में मतदान प्रतिशत की बात करें तो भरतपुर में सबसे ज्यादा 73.68 प्रतिशत वोटिंग हुई, जबकि बाकी तीन नगर निगमों में मतदान 70 प्रतिशत का आंकड़ा पार नहीं कर सका।मतदान के बाद अब सभी की नजरें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। इसके बाद महापौर और अध्यक्ष पदों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होंगी।

बीकानेर में विधायक और बूथ अधिकारी के बीच बहस

बीकानेर के वार्ड नंबर 45 में रबर फैक्ट्री के पास स्थित बूथ संख्या 95 पर भाजपा विधायक जेठानंद व्यास और बूथ अधिकारी के बीच बहस हो गई।जानकारी के मुताबिक, विधायक जब मतदान केंद्र के अंदर पहुंचे तो बूथ अधिकारी ने उन्हें बाहर निकलने और मतदान केंद्र से 200 मीटर दूर रहने के लिए कहा। इसके बाद विधायक के समर्थक नाराज हो गए और उन्होंने मौके पर नारेबाजी शुरू कर दी।मामला बढ़ता देख वहां मौजूद लोगों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की।

डीडवाना में निर्दलीय विधायक यूनुस खान से धक्का-मुक्की

डीडवाना-कुचामन जिले के डीडवाना में वार्ड नंबर 11 के बूथ पर निर्दलीय विधायक यूनुस खान के साथ धक्का-मुक्की का मामला सामने आया।विधायक अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे थे। उनके रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थकों ने वोटर आईडी छीनने की कोशिश की। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

फतेहपुर में कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी समर्थकों में पत्थरबाजी

सीकर जिले के फतेहपुर में चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 14 में कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों में पत्थरबाजी की घटना सामने आई।इस घटना में दो लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

झुंझुनूं में फर्जी वोटिंग के आरोप पर हंगामा

झुंझुनूं नगर परिषद के वार्ड नंबर 35 में माकपा प्रत्याशी महिपाल पूनियां ने मतदान केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों पर फर्जी वोटिंग करने वालों का साथ देने का आरोप लगाया।इसके बाद उनके समर्थकों ने मतदान केंद्र के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने समझाइश कर स्थिति को शांत कराया।

सुरक्षा के बीच हुआ मतदान

निकाय चुनाव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। संवेदनशील और विवाद वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। हालांकि, कई जगहों पर आरोप-प्रत्यारोप और विवाद की घटनाओं ने चुनावी माहौल को गर्म बनाए रखा।अब सभी की निगाहें 14 सितंबर को आने वाले चुनाव परिणामों पर हैं। नतीजे तय करेंगे कि प्रदेश के नगरीय निकायों में सत्ता कीकमान किस दल के हाथ में जाएगी।