राजस्थान निकाय चुनाव: कांग्रेस 309 शहरी निकायों के लिए जारी करेगी अलग-अलग घोषणा पत्र, फुटेज में देंखे 500 रुपए में पट्टे का वादा
राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपना चुनावी प्लान सामने रखा है। पार्टी ने प्रदेश के सभी 309 शहरी निकायों के लिए स्थानीय जरूरतों और मुद्दों के आधार पर अलग-अलग घोषणा पत्र जारी करने का फैसला किया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने प्रदेश स्तर पर करीब एक दर्जन प्रमुख वादे किए हैं। इनमें 500 रुपए में जमीन के पट्टे देने से लेकर हर घर से मुफ्त कचरा उठाने और सफाईकर्मियों की भर्ती पूरी करने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
309 निकायों के लिए अलग-अलग घोषणा पत्र
कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश के सभी शहरी निकायों की जरूरतें और स्थानीय समस्याएं एक जैसी नहीं हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने 309 शहरी निकायों के लिए स्थानीय स्तर पर अलग-अलग घोषणा पत्र जारी करने का निर्णय लिया है।इन घोषणा पत्रों में संबंधित शहर की स्थानीय समस्याओं, विकास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी। पार्टी का दावा है कि स्थानीय सरकारों के माध्यम से शहरों में बेहतर सुशासन देने पर उसका फोकस रहेगा।
500 रुपए में जमीन के पट्टे देने का वादा
कांग्रेस ने प्रदेश स्तर पर किए गए प्रमुख वादों में 500 रुपए में जमीन के पट्टे देने की बात कही है। पार्टी का कहना है कि शहरी क्षेत्रों में आम लोगों से जुड़े जमीन और पट्टे के मामलों को आसान बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।इसके अलावा कांग्रेस ने यूडी टैक्स को लेकर भी बड़ा वादा किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि सत्ता में आने पर यूडी टैक्स पर दोबारा विचार किया जाएगा और इसे लॉजिकल बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
हर घर से मुफ्त कचरा उठाने का वादा
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि शहरी निकायों में कांग्रेस के बोर्ड बनने पर हर घर से मुफ्त कचरा उठाने की व्यवस्था की जाएगी। शहरों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और नियमित कचरा संग्रहण पर पार्टी का फोकस रहेगा।डोटासरा ने कहा कि स्थानीय सरकारों के माध्यम से शहरों में सुशासन देने का संकल्प कांग्रेस ने लिया है। इसके लिए नगर निकायों में जरूरी मानव संसाधन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा।
सफाईकर्मियों की लंबित भर्तियां पूरी करने का दावा
कांग्रेस ने सफाईकर्मियों की भर्ती को लेकर भी घोषणा की है। डोटासरा के मुताबिक, भाजपा बोर्डों के कार्यकाल में जिन सफाईकर्मियों की भर्तियां नहीं हो पाईं, उन्हें पूरा किया जाएगा।इसके साथ ही कांग्रेस ने वादा किया है कि हर साल शहरी निकायों में जरूरत के अनुसार नई भर्तियां निकाली जाएंगी। पार्टी का कहना है कि इससे शहरों की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ निकायों में कर्मचारियों की कमी को भी दूर करने में मदद मिलेगी।
बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर भी जोर
कांग्रेस ने शहरों में बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट विकसित करने का भी वादा किया है। डोटासरा ने कोटा के रिवर फ्रंट और जयपुर के भारत जोड़ो सेतु जैसे बड़े काम करवाने की बात कही।कांग्रेस का चुनावी फोकस एक तरफ बुनियादी सुविधाओं और सफाई व्यवस्था पर है, तो दूसरी तरफ शहरों में बड़े विकास कार्य कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। अब स्थानीय स्तर पर जारी होने वाले 309 अलग-अलग घोषणा पत्रों में शहरों की जरूरतों के मुताबिक और कौन से मुद्दे शामिल किए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।
