राजस्थान विधानसभा सत्र हंगामेदार होने के आसार, विपक्ष लाएगा कानून-व्यवस्था और किसानों के मुद्दे
राजस्थान विधानसभा के एक सितंबर से शुरू हो रहे सत्र में विपक्ष ने सत्ता पक्ष को घेरने की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इस सत्र में सरकार को मुद्दों पर घेरने की तैयारी है। विपक्ष के वरिष्ठ विधायकों ने भी इन्हीं विषयों पर सरकार से सवाल पूछे हैं। मुख्य रूप से विपक्षी दल कांग्रेस के विधायक इन दिनों राजनीतिक बयानों में चल रहे छह-सात मुद्दों को विधानसभा सत्र में उठाने की तैयारी में हैं। सत्र के पहले दिन शाम को विधायक दल की बैठक बुलाने की भी तैयारी चल रही है।
टीकाराम जूली की अध्यक्षता में होगी बैठक
माना जा रहा है कि करीब एक पखवाड़े तक चलने वाले इस सत्र के लिए आठ से दस बैठकें होंगी। ऐसे में कांग्रेस कुछ प्रमुख मुद्दों पर ज्यादा फोकस करेगी। इसके लिए वरिष्ठ विधायकों को जिम्मेदारी दी जा सकती है कि कौन कौन सा मुद्दा उठाना शुरू करेगा। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की अध्यक्षता में होने वाली विधायक दल की बैठक में इस पर फैसला लिया जा सकता है।
इन मुद्दों पर रहेगा विशेष फोकस
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस पार्टी का 10 करोड़ की लागत से बन रहे सड़कों के निर्माण में भाजपा नेताओं की सहमति और विकास कार्यों में भेदभाव, पंचायत-निकाय और छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने, स्कूल हादसों में मारे गए बच्चों की जाँच और जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत, स्मार्ट मीटरों को लेकर जनता का आक्रोश, अतिवृष्टि और फसल क्षति के साथ-साथ मकानों और अन्य चीजों के नुकसान का मुआवजा, किसानों को खाद-बीज की समस्या, कानून-व्यवस्था और स्वामी विवेकानंद छात्रवृत्ति योजना में कटौती जैसे मुद्दों पर विशेष फोकस रहेगा।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कल सर्वदलीय बैठक बुलाई
दूसरी ओर, एक सितंबर से शुरू हो रहे सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। विपक्ष ने भी इस बार सत्र में कई मुद्दे उठाने की तैयारी की है। सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं। बैठक में सत्र को सुचारू रूप से चलाने पर चर्चा होगी।
बैठक में ये बड़े नेता शामिल होंगे
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, मुख्य सचेतक प्रतिपक्ष रफीक खान, बसपा के मनोज कुमार, भारत आदिवासी पार्टी के थावर चंद और रालोद के सुभाष गर्ग को बैठक में आमंत्रित किया गया है।
