पुष्कर मेले में दो दिन होगी बॉलीवुड नाइट, वीडियो में जाने 22 नवंबर को अमित मिश्रा और 23 को स्वरूप खान देंगे प्रस्तुति
राजस्थान के अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में इस बार पर्यटकों को दो दिन बॉलीवुड नाइट का आनंद लेने का मौका मिलेगा। मेले के दौरान बॉलीवुड गायक अमित मिश्रा और लोक कलाकार स्वरूप खान अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। इसके अलावा कबीर कैफे की संगीत प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस बार मेले में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ पारंपरिक खेलों को भी विशेष स्थान दिया गया है। स्थानीय लोगों के साथ विदेशी पर्यटक भी कबड्डी, लंगड़ी टांग, सितोलिया और गिल्ली-डंडा जैसे खेलों में हिस्सा लेंगे।
जिला कलेक्टर लोक बंधु, एडीएम प्रशासन अभिषेक गोयल और एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने मंगलवार को पुष्कर मेले का फाइनल कैलेंडर जारी किया। प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार मेले की अनौपचारिक शुरुआत 10 नवंबर से होगी, जबकि 17 नवंबर से 24 नवंबर तक औपचारिक आयोजन किया जाएगा।
20 नवंबर को कबीर कैफे की प्रस्तुति
पुष्कर मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इस बार संगीत प्रेमियों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। 20 नवंबर को कबीर कैफे अपनी प्रस्तु देगा। कबीर कैफे की संगीत शैली युवाओं के साथ अलग-अलग आयु वर्ग के दर्शकों के बीच लोकप्रिय है। ऐसे में इस कार्यक्रम को लेकर पर्यटकों और स्थानीय लोगों में उत्साह रहने की उम्मीद है।वहीं, 22 नवंबर को बॉलीवुड गायक अमित मिश्रा मेला ग्राउंड में प्रस्तुति देंगे। इसके अगले दिन यानी 23 नवंबर को लोक कलाकार स्वरूप खान अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। दो दिनों तक बॉलीवुड और लोक संगीत का संगम मेले की सांस्कृतिक गतिविधियों को खास बनाएगा।
स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा मंच
इस बार पुष्कर मेले में केवल बड़े कलाकारों की प्रस्तुतियों पर ही ध्यान नहीं दिया गया है, बल्कि स्थानीय प्रभाओं को भी मंच उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही नॉर्थ और वेस्ट जोन के कलाकारों को भी अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।इस पहल से अलग-अलग क्षेत्रों की लोक संस्कृति, संगीत और पारंपरिक कलाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पुष्कर मेला देशी-विदेशी पर्यटकों के बीच राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने का प्रमुख माध्यम माना जाता है। ऐसे में विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों की भागीदारी से कार्यक्रमों में विविधता देखने को मिलेगी।
52 घाटों पर होगी महाआरती
मेले के धार्मिक कार्यक्रमों के तहत 17 से 24 नवंबर तक पुष्कर के 52 घाटों पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक गतिविधियां मेले का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेंगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को पुष्कर सरोवर के घाटों पर धार्मिक अनुष्ठानों और आरती में शामिल होने का अवसर मिलेगा।पुष्कर अपने धार्मिक महत्व और सरोवर के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचते हैं। घाटों पर होने वाली महाआरती इस आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगी।
पारंपरिक खेलों में हिस्सा लेंगे विदेशी पर्यटक
इस बार मेले में मनोरंजन और सांस्कृतिक मेलजोल को बढ़ावा देने के लिए पारंपरिक खेलों का भी आयोजन किया जाएगा। स्थानीय लोगों और विदेशी पर्यटकों के बीच कबड्डी मैच होंगे। इसके अलावा लंगड़ी टांग, सितोलिया और गिल्ली-डंडा जैसे पारंपरिक खेल भी आयोजित किए जाएंगे।अतिरिक्त कलेक्टर अभिषेक गोयल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेला तीन चरणों में आयोजित होता है। इसमें पशु मेला, सांस्कृतिक गतिविधियां और धार्मिक आयोजन शामिल हैं। मेले की अनौपचारिक शुरुआत 10 नवंबर से होगी, जबकि 17 से 24 नवंबर तक औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।प्रशासन की ओर से जारी फाइनल कैलेंडर के साथ मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। धार्मिक आयोजनों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पारंपरिक खेलों और बॉलीवुड नाइट के जरिए इस बार पुष्कर मेले में देशी-विदेशी पर्यटकों को विविध अनुभव देने की तैयारी है।
