जयपुर में यूजीसी रोल बैक की मांग पर प्रदर्शन, करणी सेना कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज; वाटर कैनन से खदेड़ी भीड़
राजधानी जयपुर में यूजीसी रोल बैक और सवर्ण समाज की विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को निकाली गई रैली के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हो गया। श्री राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया।
जानकारी के अनुसार, करणी सेना के कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर रैली निकालते हुए आगे बढ़ रहे थे। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब पुलिस ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों की डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के साथ भी बहस और धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सख्ती दिखाई और लाठीचार्ज कर दिया।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए वाटर कैनन चलाया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रदर्शनकारी यूजीसी से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार से फैसले पर पुनर्विचार की मांग कर रहे थे। इसके साथ ही सवर्ण समाज की अन्य मांगों को लेकर भी उन्होंने अपनी आवाज बुलंद की।
रैली को लेकर प्रशासन की ओर से पहले से सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए और पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
घटना के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भीड़ को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम के वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की समीक्षा कर रही है। प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जा सकता है।
