Aapka Rajasthan

Jaipur में प्रेमभाया महोत्सव शुरू , फूल बंगला झांकी रही आकर्षण का केंद्र

 
Jaipur में प्रेमभाया महोत्सव शुरू , फूल बंगला झांकी रही आकर्षण का केंद्र
जयपुर न्यूज़ डेस्क , जयपुर ढूंढाड़ की विरासत का पर्याय बना प्रेमभाया महोत्सव सोमवार से चांदपोल बाजार, जयलाल मुंशी का रास्ता स्थित युगल कुटीर में शुरू हुआ। प्रेमभाया मंडल समिति के अध्यक्ष विजय किशोर शर्मा ने बताया कि पदाधिकारियों व अतिथियों ने मंत्रोच्चार के बीच प्रेमभाया का अभिषेक किया। शाम को तीन दिवसीय भक्ति संगीत समारोह की शुरुआत हुई। इस मौके पर दीपक शर्मा ने ‘रिद्धि सिद्धि रा भरतार नित की लाडू खावै छै ...गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।

गायक गोपाल सिंह राठौड़ और पूजा राठौड़ ने ‘म्हारी लैरा लाग्यो आवै छै यो मुरली...’ भजन से ठाकुरजी की भक्त वत्सलता का शाब्दिक चित्रण किया। आकांक्षा राव ने ‘पार लगा ज्यो जी सांवरिया म्हाने भूल मत जाज्यो....’ भजन सुनाया। प्रमोद त्रिपाठी, संत प्रकाशदास व अभिषेक नामा सहित अन्य गायकों ने युगल किशोर शास्त्री की भक्ति रचनाओं को अपनी आवाज में पेश किया। भजन संध्या का यह दौर पूरी रात चला। इस मौके पर प्रेमभाया सरकार की फूल बंगला झांकी आकर्षण का केन्द्र रही।

आज महिलाएं देंगी भक्ति संगीत की प्रस्तुति

उधर, दो अप्रेल की रात आठ बजे से संपूर्ण रात्रि भक्ति संगीत की स्वर लहरियां गूंजेंगी। दो और तीन अप्रेल को दिन में महिला मंडलों की ओर से भक्ति संगीत कार्यक्रम होगा। तीन अप्रेल की शाम सात बजे नगर संकीर्तन युगल कुटीर से प्रारंभ होगा। यह चारदीवारी के प्रमुख मार्गों से होता हुआ सुबह सात बजे सत्संग स्थल पर पहुंचेगा। महाआरती के साथ तीन दिवसीय महोत्सव संपन्न होगा। महोत्सव के दौरान ऋतु पुष्पों से प्रेम भाया सरकार का शृंगार किया गया। गणेश वंदना के बाद कलाकारों ने भजनों से प्रेम भाया के दरबार में हाजिरी लगाई।