Aapka Rajasthan

Jaipur फलों के छिलकों से तैयार पॉलीमर से फसल की पैदावार 1.5 गुना तक बढ़ाई जा सकती है

 
Jaipur फलों के छिलकों से तैयार पॉलीमर से फसल की पैदावार 1.5 गुना तक बढ़ाई जा सकती है

जयपुर न्यूज़ डेस्क, जयपुर सस्टेनेबल फार्मिंग में योगदान देने और कृषि के क्षेत्र में इनोवेशन करने के लिए जयपुर और उदयपुर बेस्ड स्टार्टअप ‘ईएफ पॉलीमर’ ने अपना नाम फोर्ब्स की ‘30 अंडर 30 एशिया’ लिस्ट में दर्ज करवाया है। कंपनी के फाउंडर अंकित जैन, नारायण लाल गुर्जर और पूरण सिंह ने बताया कि ‘ईएफ पॉलीमर’ की स्थापना साल 2018 में हुई थी। यह एक एग्रीकल्चरल स्टार्टअप है, जिसमें ईएफ पॉलीमर, फसल अमृत जैसे कई प्रोडक्ट बनाए हैं। ‘फसल अमृत’ का उद्देश्य पानी की कमी के कारण फसल की पैदावार में आने वाली गिरावट को खत्म करना और किसानों को कर्ज से राहत दिलाना है। एक हैक्टेयर एग्रीकल्चर फार्म पर हाइड्रोजेल का उपयोग कर 10 लाख लीटर से अधिक पानी बचाया जा सकता है। दरअसल, पानी की कमी से ही उत्पादन घटता है और किसानों को नुकसान होता है।

साथ ही कई किसान दूसरी जगह से पानी लेकर आते हैं। इसके लिए प्रति बीघा हजारों रुपए तक खर्च करते हैं। वहीं ‘ईएफ पॉलीमर’ फलों के छिलकों से हाइड्रोजेल तैयार किया गया है। इसे बीज के साथ मिलाकर खेतों में बुवाई की जाती है। हाइड्रोजेल पानी को सोखकर फसलों को धीरे-धीरे पानी देता रहता है, जिससे कम पानी में फसलों का उत्पादन होता है। इस प्रोडक्ट से किसान जैसलमेर जैसे रेगिस्तान में भी फसल उत्पादन करने में कामयाब हुए हैं। फलों के छिलकों के कचरे से फसल तैयार होने के कारण यह जैविक और बायोग्रेडेबल होती है। फसलों की पैदावार डेढ़ गुना तक बढ़ जाती है। फसल तैयार होने तक 30 से 40 प्रतिशत तक पानी बचता है। कम लागत वाली यह टेक्नोलॉजी एनवायरमेंट फ्रेंडली है। अभी ये टेक्नोलॉजी 20 हजार से भी ज्यादा किसानों तक पहुंच चुकी है।

2017 में एमपीयूएटी में की थी रिसर्च

नारायण लाल गुर्जर और अंकित जैन ने महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय (एमपीयूएटी) में साल 2017 में पढ़ाई करते समय इस विषय पर रिसर्च की थी। साल 2018 में इनको रिसर्च कार्य के लिए ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी का भी बुलावा आया था और वहां अपना रिसर्च कार्य किया। उन्हें इस स्टार्टअप के लिए साल 2019 में जापान बुलाया गया। उन्हें जापान से 4 मिलियन डॉलर की फंडिंग भी मिली थी। ‘ईएफ पॉलीमर’ जी-20 में भी विनर रहा। इस प्रोडक्ट का उपयोग देश में यूपी, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, हरियाणा, एमपी में लाखों किसान कर रहे हैं। इसे जापान, अमेरिका, थाईलैंड, चीन, इंग्लैंड सहित 10 से अधिक देशों में एक्सपोर्ट किया जा रहा है। फोर्ब्स की "30 अंडर 30 एशिया’ सूची में उन युवाओं को जगह दी जाती है, जो उद्योगों में सकारात्मक बदलाव लाकर समाज को नई दिशा दे रहे हैं। ऑर्गेनिक वेस्ट से तैयार बायोडिग्रेडेबल पॉलीमर प्रोडक्ट मिट्टी की नमी और पोषक तत्वों के वितरण में सुधार कर अधिक पैदावार में मदद करता है। इस सूची में एशिया लेवल पर टॉप 30 अंडर 30 में इनको भी शामिल किया गया है। 4000 से अधिक नामांकन के बीच ‘ईएफ पॉलीमर’ ने सूची में अपना नाम दर्ज करवाया है।