जयपुर में DJ बंद कराने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, फुटेज में देंखे 5 आरोपी गिरफ्तार; कान पकड़कर मांगी माफी
जयपुर के खोह नागोरियान थाना इलाके में देर रात अवैध रूप से बज रहे DJ को बंद कराने पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट और अभद्रता करने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की कर राजकार्य में बाधा पहुंचाई थी। इतना ही नहीं, उन्होंने पुलिस के सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की परेड निकाली। इस दौरान आरोपी लंगड़ाते हुए चलते और कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए।पुलिस के अनुसार, घटना 24 नवंबर की देर रात की है। पुलिस कंट्रोल रूम को खोह नागोरियान थाना क्षेत्र की पाटियों की ढाणी में अवैध रूप से DJ बजाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर ER-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने वहां मौजूद लोगों से DJ बंद करने के लिए कहा।
समझाइश के बाद भी पुलिसकर्मियों से मारपीट
आरोप है कि DJ बंद कराने की बात सुनकर वहां मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता शुरू कर दी। मौके पर मौजूद ड्यूटी ऑफिसर एसआई और अन्य पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी शांत होने के बजाय पुलिसकर्मियों से उलझ गए।इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस दौरान सरकारी काम में बाधा पहुंचाई गई और पुलिस के सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
एसआई की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ मुकदमा
मामले में एसआई रामफूल की रिपोर्ट पर खोह नागोरियान थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों की परेड निकाली। इस दौरान वे लंगड़ाकर चलते हुए और कान पकड़कर माफी मांगते हुए दिखाई दिए।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की संपत्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। संपत्तियों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि ड्यूटी के दौरान सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों और उनकी आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
